भोपाल। The India Speaks Desk
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 17 सितम्बर को मध्यप्रदेश से करेंगे। इस अभियान के अंतर्गत महिलाओं के सम्पूर्ण स्वास्थ्य की देखभाल के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 20 हज़ार से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में निःशुल्क जांच और उपचार सेवाएं उपलब्ध होंगी।
उप मुख्यमंत्री ने की अपील
श्री शुक्ल ने कहा—
“यह अभियान प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर और चुनौती दोनों है। हर स्वास्थ्य कार्यकर्ता पूरे समर्पण और मनोयोग से कार्य करे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं की सक्रिय भागीदारी इस अभियान की सफलता की कुंजी होगी।”
उन्होंने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने और प्रचार-प्रसार पर जोर देने के निर्देश दिए।
महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य पर फोकस
प्रमुख सचिव श्री संदीप यादव ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी चुनौतियों का समाधान करना है।
📞 7772828778 | 7723024600
मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार
गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच और टीकाकरण
किशोरियों में एनीमिया की स्क्रीनिंग और उपचार
मासिक धर्म स्वच्छता और पोषण संबंधी जागरूकता
गैर-संचारी और संचारी रोगों की स्क्रीनिंग
अभियान में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मुख–स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, एनीमिया और सिकल सेल जैसी बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार किया जाएगा।
साथ ही टीबी और कुष्ठ रोग जैसे रोगों की भी स्क्रीनिंग होगी।
क्षय रोग उन्मूलन के लिए नयी पहल
टीबी उन्मूलन के लिए “निःक्षय मित्र” योजना के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों और संगठनों को प्रेरित किया जाएगा कि वे टीबी रोगियों को गोद लेकर पोषण व देखभाल में सहयोग करें।
रक्तदान और वेलनेस गतिविधियां
17 सितम्बर को पूरे प्रदेश में विशेष रक्तदान शिविर होंगे। ये शिविर 2 अक्टूबर तक जारी रहेंगे। ईट-राइट अभियान, योग और वेलनेस कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे।
अभियान में बेहतर कार्य करने वाले 5 जिले, 5 विकासखंड, 15 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 10 स्वयंसेवी संगठनों को सम्मानित किया जाएगा।












