शराब कंपनी पर किसानों के आरोप, प्रशासन की चुप्पी बनी रहस्य
बड़वाह। लोकेश कोचले | The India Speaks
The India Speaks की लगातार खबरों के बाद बड़वाह में अवैध भूसी को पशुआहार के रूप में खिलाने का मामला सुर्खियों में है। ग्राम खोड़ी स्थित एसोसिएटेड अल्कोहल एंड ब्रेवरीज लिमिटेड में शराब निर्माण के दौरान भारी मात्रा में रासायनिक अपशिष्ट निकलता है, जिसके निस्तारण को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PCB) ने सख्त दिशा-निर्देश जारी कर रखे हैं। नियम साफ है कि यह अपशिष्ट किसी भी प्राकृतिक स्रोत में न जाए और न ही कंपनी परिसर से बाहर निकले।


नियमों की धज्जियां और PCB की चुप्पी
हकीकत यह है कि शराब कंपनी न तो नियमों का पालन कर रही है और न ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कोई ठोस कार्यवाही कर रहा है। कंपनी द्वारा लगातार गंदा पानी और अपशिष्ट बाहर छोड़े जाने की शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन कंसेंट ऑर्डर सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया है।
किसानों की बड़ी शिकायत
📞 7772828778 | 7723024600


हाल ही में ग्राम नरसिंहपुरा के किसानों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इंदौर, एसडीएम बड़वाह, कलेक्टर खरगोन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को शिकायत दी है। किसानों का आरोप है कि शराब कंपनी से छोड़ा जा रहा गंदा पानी उनकी फसलों को नुकसान पहुँचा रहा है और कुओं का पानी भी प्रदूषित हो चुका है।
“हमारे खेत बर्बाद हो रहे हैं, कुएं का पानी भी जहरीला हो गया है। प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए, वरना हमारी जिंदगी मुश्किल में पड़ जाएगी।” – किसान, ग्राम नरसिंहपुरा
खुलेआम बेचा जा रहा गिला अपशिष्ट
कंपनी से निकलने वाला गीला कचरा DWGS (Distilled Wet Grain Soluble) खुलेआम किसानों को पशु आहार के रूप में बेचा जा रहा है। जबकि नियम यह है कि इसे ड्रायर प्रोसेस से गुजारकर DDGS (Distilled Dry Grain Soluble) में बदला जाए। इसके बावजूद कंपनी सीधे गीला अपशिष्ट बिचौलियों के जरिए बाजार में बेच रही है।
प्रशासनिक निष्क्रियता पर सवाल
04 सितंबर 2025 को एसडीएम बड़वाह सत्यनारायण दर्रो ने जांच टीम गठित करने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रशासन की यह चुप्पी कई गहरे सवाल खड़े करती है।












