बड़वाह थाना क्षेत्र में दबिश के दौरान पुलिस ने की कार्रवाई, विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज
बड़वाह / खरगोन। The India Speaks Desk
खरगोन पुलिस ने दीपावली त्योहार से पहले अवैध पटाखों के संग्रहण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.5 लाख रुपए मूल्य के पटाखे जब्त किए हैं। यह कार्रवाई बड़वाह थाना पुलिस द्वारा की गई, जिसमें आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाया गया विशेष अभियान
पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन के श्री अनुराग और उप पुलिस महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन के श्री सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध पटाखों के क्रय-विक्रय और संग्रहण पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री रविन्द्र वर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया।
मुखबिर की सूचना पर दी गई दबिश
थाना बड़वाह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लालराम कौशल निवासी लोधी मोहल्ला, बड़वाह ने अपने घर में भारी मात्रा में अवैध पटाखों का संग्रहण किया हुआ है।
इस सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और तत्काल दबिश दी गई।
📞 7772828778 | 7723024600
दबिश के दौरान खाकी रंग के 30 कार्टून मिले जिनमें विभिन्न प्रकार के पटाखे भरे हुए थे। आरोपी से वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही घर में सुरक्षा के कोई उपकरण नहीं पाए गए।
“अवैध विस्फोटक सामग्री का रहवासी क्षेत्र में संग्रहण मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा है। पुलिस लगातार ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई कर रही है।”
— बलराम सिंह राठौर, थाना प्रभारी बड़वाह
मामला दर्ज, आगे की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी लालराम कौशल के कब्जे से कुल 30 कार्टून अवैध पटाखे (कीमत ₹1,50,000) जब्त कर थाना बड़वाह क्रमांक 529/25 पर धारा 288 बीएनएस एवं 5, 9बी विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौर, उपनिरीक्षक रैणुका राठौर, सउनि शिवप्रसाद वर्मा, प्रआर मनोज कुशवाह, आर नितिन, विनोद, रोहित, विजय अहिरवार, आयुष सहित थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने दी चेतावनी
खरगोन पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध पटाखों की बिक्री या संग्रहण न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।











