सेवा पखवाड़ा ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ को समर्पित – कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल
बमनाला/खरगोन। The India Speaks Desk
आदि सेवा पर्व के अंतर्गत भीकनगांव विकासखंड के ग्राम बमनाला की सांदीपनि स्कूल में 20 सितंबर 2025 को आदि कर्मयोगी निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच और परामर्श उपलब्ध कराया। शासन की इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को एक ही छत के नीचे आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।
8946 मरीजों का पंजीयन, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने दी सेवाएं


इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 8946 मरीजों का पंजीयन किया गया।
शिविर में जनरल मेडिसिन, चर्म रोग, न्यूरो सर्जरी, जनरल सर्जरी, मूत्र रोग, किडनी रोग, बाल रोग, हड्डी रोग, फिजियोथैरेपी, नेत्र रोग, ईएनटी, शिशु रोग, मानसिक रोग, आयुष, सोनोग्राफी, महिला रोग, ईसीजी, इको जांच, कार्डियोलॉजी, डेंटल, कैंसर रोग विशेषज्ञों के साथ रक्तदान यूनिट और पैथोलॉजी जांच जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
मुख्यमंत्री बाल श्रवण योजना से 01 वर्षीय चंदन को मिली नई राह
📞 7772828778 | 7723024600
शिविर के दौरान ग्राम कालभरड़ निवासी 1 वर्षीय चंदन जाधव, जो जन्म से सुनने और बोलने में असमर्थ थे, को मुख्यमंत्री बाल श्रवण योजना के तहत 6.50 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की गई। इस राशि से चंदन की कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी कराई जाएगी।
कुष्ठ रोगियों के लिए विशेष POD कैंप
कुष्ठ रोग के जीएलआरए श्री संतोष सिंह और कुष्ठ रोग सहायक श्री आर.एस. भदौरिया ने बताया कि शिविर में POD कैंप लगाया गया, जिसमें मरीजों की समय पर जांच की गई और तत्काल उपचार प्रारंभ किया गया। साथ ही उन्हें सेल्फ-केयर किट, ट्यूब दवाइयाँ और जल-तेल उपचार के लिए जागरूक किया गया।
कलेक्टर भव्या मित्तल का संबोधन
कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने कहा:
“सेवा पखवाड़ा ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ को समर्पित है। यदि महिला स्वस्थ रहेगी तो परिवार भी सशक्त होगा। छोटे बच्चों की मृत्यु दर कम करना हमारी प्राथमिकता है। समाज को चाहिए कि कम उम्र में बालिकाओं की शादी की परंपरा पर रोक लगाएँ ताकि मातृत्व संबंधी जटिलताओं से बचा जा सके।”
उन्होंने यह भी कहा कि शिविर में गंभीर बीमारियों से ग्रसित बच्चों को चिन्हित कर नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए इंदौर भेजा जाएगा और आने-जाने का खर्च भी शासन द्वारा वहन किया जाएगा।
विधायक झुमा सोलंकी और छाया मोरे का संदेश
भीकनगांव विधायक श्रीमती झुमा सोलंकी ने कहा कि प्रदेश में सेवा पखवाड़े के तहत ऐसे स्वास्थ्य शिविर निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने साल में कम से कम दो बड़े स्वास्थ्य शिविर क्षेत्र में आयोजित करने की आवश्यकता बताई।
वहीं पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे ने सांदीपनि स्कूल के बच्चों द्वारा दी गई वालंटियर सेवाओं की सराहना की और कहा कि यह सेवा भावना बालपन से ही विकसित होनी चाहिए।
शिविर में निरीक्षण और प्रोत्साहन
कलेक्टर सुश्री मित्तल, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण कक्ष, सोनोग्राफी यूनिट, दवा वितरण और पंजीयन काउंटर का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की सराहना की।












