केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का लिया जायज़ा
खरगोन। The India Speaks Desk
भारत सरकार सचिवालय प्रशिक्षण एवं प्रबंधन संस्थान द्वारा आयोजित स्टेट अटैचमेंट प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 13 सदस्यीय अधिकारियों के दल ने खरगोन जिले का अध्ययन भ्रमण किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं के जमीनी स्तर पर हो रहे क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष अवलोकन करना रहा।
कृषि, रोजगार और आजीविका मॉडल का किया निरीक्षण
भ्रमण के दौरान अधिकारियों के दल ने जिले में संचालित कई नवाचारपूर्ण योजनाओं और गतिविधियों का गहन अध्ययन किया। इनमें प्रमुख रूप से माहेश्वरी साड़ी निर्माण इकाइयाँ, टेक्सटाइल विलेज करियाखेड़ी, कृषकों द्वारा स्थापित सोलर प्लांट, वाटरशेड परियोजनाएँ, मनरेगा, आजीविका मिशन, जैविक फार्मिंग, प्राकृतिक खेती, शेडनेट व पॉलीहाउस संरचनाएँ तथा स्व-सहायता समूहों की गतिविधियाँ शामिल रहीं।
अध्ययन भ्रमण के पश्चात अधिकारियों के दल ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आकाश सिंह से भेंट की। इस दौरान दल प्रमुख ने जिले में योजनाओं के प्रभावी एवं समन्वित क्रियान्वयन की सराहना की।
“खरगोन जिले में कृषि, ग्रामीण आजीविका और पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। यहां लागू योजनाएं अन्य जिलों के लिए भी अनुकरणीय मॉडल बन सकती हैं।”
दल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि नवाचार, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग और प्रशासनिक सक्रियता के कारण खरगोन जिला विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।












