जनजातीय कार्य विभाग के छात्रों ने खो-खो में रचा इतिहास
खरगोन। The India Speaks Desk
अंतरराष्ट्रीय ओपन खो-खो सीरीज 2025 का आयोजन काठमांडू (नेपाल) में शहीद भगत सिंह भक्तपुर खो-खो एसोसिएशन नेपाल और भारत फाउंडेशन ऑफ ऑल गेम्स के तत्वावधान में हुआ। इस प्रतियोगिता में भारत, नेपाल और भूटान की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में भारत और नेपाल आमने-सामने हुए, जिसमें भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक पारी और 05 अंकों से जीत दर्ज की।
खरगोन के 9 खिलाड़ियों का भारतीय दल में चयन
इस आयोजन में खरगोन जिले के जनजातीय कार्य विभाग के सांदीपनि विद्यालय सेगांव के 09 छात्रों का चयन भारतीय दल में हुआ। इनमें युवराज भास्कर राव पाटिल (कप्तान), अक्षत गुप्ता, विक्रम गोरे, भूपेंद्र भोर, पवन चौहान, शुभम भंवर, प्रवीण वर्मा, अनुराग चौहान सहित अन्य खिलाड़ी शामिल रहे।
खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
जीत के बाद भारत लौटने पर जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त श्री इकबाल हुसैन आदिल और जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री अश्विन गुप्ता ने खिलाड़ियों को पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।
सहायक आयुक्त श्री आदिल ने कहा—
“हमारे खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। हमें उम्मीद है कि भविष्य में ये और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।”
कोच और अधिकारियों की सराहना
खिलाड़ियों के कोच श्री भास्कर राव पाटिल के मार्गदर्शन की भी सराहना की गई। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री संदीप कापड़निस भी मौजूद रहे।












