गांव में फैल रहा है नशे का जाल, महिलाओं और बच्चों में असुरक्षा का माहौल
कसरावद | खरगोन । विशाल भमोरिया | The India Speaks
खरगोन जिले की कसरावद तहसील के ग्राम निमरानी में लंबे समय से अवैध कच्ची एवं पक्की शराब का निर्माण और विक्रय किया जा रहा है। इस समस्या से परेशान ग्रामीण शुक्रवार को सामूहिक रूप से एसडीएम कार्यालय पहुंचे और एसडीएम सत्येंद्र बेरवा को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में खुलेआम शराब बेचे जाने से युवाओं में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है। इसके चलते आए दिन विवाद, मारपीट और अपराध की घटनाएं हो रही हैं। इससे गांव का माहौल अशांत होता जा रहा है।
महिलाएं और बच्चे असुरक्षित, शराब माफियाओं से मिल रही धमकी
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि गांव में नशेड़ियों की गतिविधियों के कारण घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। “बच्चों पर गलत असर पड़ रहा है और महिलाओं को हमेशा डर बना रहता है,” ग्रामीण महिला ने कहा।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार ऐसे लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन शराब माफिया अपनी गतिविधियां बंद करने के बजाय ग्रामीणों को ही धमकाने लगते हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो गांव में तनाव और बढ़ सकता है।
कानूनी कार्यवाही और पुलिस निगरानी की मांग
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मांग की कि “अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही की जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस गश्त और निगरानी को बढ़ाया जाए।”












