खरगोन, 06 जनवरी 2026।
जिले में नागरिकों को बेहतर आधार सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विकासखंडों में नए आधार केंद्र खोले जा रहे हैं। इसके लिए योग्य आधार ऑपरेटर्स से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 07 जनवरी से 16 जनवरी 2026 तक (अवकाश के दिनों को छोड़कर) कार्यालयीन समय में शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रेखा राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि नए आधार केंद्र झिरन्या, भगवानपुरा, गोगावा, कसरावद, खरगोन, बड़वाह एवं भीकनगांव विकासखंडों के विभिन्न ग्रामों में स्थापित किए जाएंगे।
झिरन्या ब्लॉक में तितरन्या, धूपा और ककोड़ा, भगवानपुरा ब्लॉक में सिरवेल, धुलकोट और जलालाबाद, गोगावा ब्लॉक में गोगावा, मोगरगांव और ठिबगांव, कसरावद ब्लॉक में अघावन और बालसमुद, खरगोन ब्लॉक में ऊन, बड़वाह ब्लॉक में मर्दाना तथा भीकनगांव ब्लॉक में अहीरखेड़ा और डोड़वा में आधार केंद्र खोले जाने प्रस्तावित हैं।
आधार ऑपरेटर पद के लिए उम्मीदवार का कक्षा 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही NSEIT द्वारा आयोजित आधार परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा। आवेदक के पास वैध आधार ऑपरेटर प्रमाणपत्र होना चाहिए, जिसकी अवधि तीन वर्ष से अधिक न हुई हो। UIDAI द्वारा ब्लैकलिस्टेड या सस्पेंडेड ऑपरेटर आवेदन के पात्र नहीं होंगे।
स्थानीय उम्मीदवारों को दी जाएगी प्राथमिकता
आवेदक का जिले का निवासी होना जरूरी है और स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा, आधार कार्य का पूर्व अनुभव रखने वाले आवेदकों को वरीयता मिलेगी। यदि किसी एक स्थान के लिए समान योग्यता वाले एक से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो अधिक अनुभव वाले उम्मीदवार को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनके विरुद्ध कोई आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध न हो। इसके लिए 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर शपथपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
आधार ऑपरेटर भर्ती से संबंधित अन्य विस्तृत जानकारी जिला ई-गवर्नेंस कार्यालय, जिला खरगोन से कार्यालयीन समय में प्राप्त की जा सकती है।











