खरगोन। The India Speaks Desk
जिले में लंबे समय से बिना लेन-देन वाले बैंक खातों की राशि लौटाने के उद्देश्य से ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ अभियान के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विशेष कैंप आयोजित किया गया। कैंप की अध्यक्षता कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने की।
कैंप के दौरान कलेक्टर ने अनक्लेम्ड डिपोजिट से जुड़े चिन्हित खाताधारकों को चेक सौंपे और अभियान का प्रतीकात्मक शुभारंभ किया।
49.81 करोड़ रुपये की राशि डीईए कोष में
अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) श्री सुमेर सिंह सोलंकी ने बताया कि जिन खाताधारकों या बीमाधारकों के खातों में 10 वर्ष से अधिक समय तक कोई लेन-देन नहीं होता, उनकी जमा राशि भारतीय रिजर्व बैंक के जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता (डीईए) कोष में जमा कर दी जाती है।
उन्होंने बताया कि जिले में ऐसे 2 लाख 20 हजार से अधिक बैंक खाते हैं, जिनकी कुल 49.81 करोड़ रुपये की राशि डीईए कोष में चली गई है। इस राशि की वापसी के लिए यह कैंप आयोजित किया गया है।
कलेक्टर सुश्री मित्तल ने एलडीएम को निर्देश दिए कि डीईए कोष में जमा 4164 शासकीय खातों (करीब 4.82 करोड़ रुपये) की विभागवार सूची तैयार की जाए, ताकि संबंधित विभाग अपनी राशि का दावा कर सकें।
उन्होंने बताया कि सबसे अधिक शासकीय अनक्लेम्ड राशि सर्व शिक्षा अभियान, ग्राम पंचायत, शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग से संबंधित है।
खाताधारकों से सीधे संपर्क करने के निर्देश
कलेक्टर ने बैंकों और वित्तीय संस्थाओं को निर्देश दिए कि वे व्यक्तिगत खातों की अनक्लेम्ड राशि लौटाने के लिए खाताधारकों या उनके उत्तराधिकारियों से सीधे संपर्क करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनकी जमा राशि वापस मिल सके।
भारतीय स्टेट बैंक के प्रतिनिधि ने बताया कि बैंक द्वारा अनक्लेम्ड डिपोजिट को लेकर विज्ञापन जारी किए गए हैं। साथ ही बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट (BC) घर-घर जाकर खाताधारकों या उनके उत्तराधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। इसके लिए बीसी को 1 प्रतिशत तक प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान भी है।
📞 7772828778 | 7723024600
कैंप में जिला पंचायत सीईओ श्री आकाश सिंह, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, बीमा अधिकारी, आरबीआई के एलडीओ और अग्रणी जिला प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












