बैठक में छात्रवृत्ति, उपस्थिति ऐप और शिक्षा गुणवत्ता सुधार पर दिए गए निर्देश
खरगोन। The India Speaks Desk
कलेक्टर भव्या मित्तल की अध्यक्षता में एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आकाश सिंह की उपस्थिति में गत दिवस कलेक्ट्रेट सभागृह में शिक्षा विभाग, जनजाति कार्य विभाग एवं सर्व शिक्षा अभियान की विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में छात्रवृत्ति प्रोफाइल अपडेट, वन टाइम रजिस्ट्रेशन जनरेट करना, छात्रवृत्ति के फेल खातों को अपडेट करना, शाला से बाहर बच्चों का शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करना, डुप्लीकेट छात्रों की सूची बनाना एवं विलोपन करने के साथ-साथ शिक्षा गुणवत्ता में सुधार हेतु नियमित रूप से स्कूल संचालन और कर्मचारियों की उपस्थिति ऐप के माध्यम से दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई, समयबद्धता पर जोर
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लापरवाही बरतने वाले प्रभारी प्राचार्यों को सूचना पत्र जारी किया जाए। विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं स्त्रोत समन्वयकों को समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने, शालाओं की नियमित मॉनिटरिंग जिला, विकासखंड और जनशिक्षा केंद्र स्तर पर करने तथा नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
“शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुँचना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है,”
— कलेक्टर भव्या मित्तल
एफएलएन मॉनिटरिंग और पोर्टल अपडेट पर भी दिए निर्देश
बैठक में जिला परियोजना समन्वयक को Foundational Literacy and Numeracy (FLN) की नियमित मॉनिटरिंग करने और संबंधित डेटा पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा विकासखंड बड़वाह एवं भगवानपुरा के अनुपस्थित शिक्षा अधिकारियों को भी सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
सभी विभागीय अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण हों और योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचे।
📞 7772828778 | 7723024600
बैठक में मौजूद अधिकारी
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. कानुड़े, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग इकबाल आदिल हुसैन, तथा जिला परियोजना समन्वयक खेमराज सेन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












