कलेक्टर भव्या मित्तल की अध्यक्षता में हुई संयुक्त बैठक, कपास खरीद और उर्वरक उपलब्धता पर जानकारी दी गई
खरगोन। लोकेश कोचले | The India Speaks
कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल की अध्यक्षता में भारतीय किसान संघ के जिला व तहसील स्तरीय पदाधिकारियों और कृषि विभाग, एन.व्ही.डी.ए., कृषि उपज मंडी, उद्यान विभाग तथा भारतीय कपास निगम (CCI) के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
सिंचाई परियोजनाओं पर जोर
किसान संघ ने बिंजलवाड़ा उद्यान सिंचाई परियोजना को शीघ्र पूरा करने की मांग की, ताकि खेतों में सिंचाई का पानी समय पर पहुंच सके। कलेक्टर ने एन.व्ही.डी.ए. के अधिकारियों को माइक्रो लेवल पर प्लानिंग कर किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
कपास खरीदी और पंजीयन
बैठक में सीसीआई अधिकारियों ने जानकारी दी कि 1 अक्टूबर 2025 से एफ.ए.क्यू. क्वालिटी (12% नमी) वाले कपास की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाएगी।
किसानों के पंजीयन से जुड़ी समस्याओं के लिए टोल फ्री नंबर (8897181111 से 8897781111 तक) उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही मंडियों, कृषि विभाग के अमले और नजदीकी कियोस्क केंद्रों के माध्यम से भी पंजीयन कराया जा सकेगा।
📞 7772828778 | 7723024600
मंडी खरीद व्यवस्थाओं की समीक्षा
बैठक के बाद कृषि विभाग और मंडी सचिवों के साथ अलग बैठक कर कलेक्टर ने मंडी खरीद व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। सीसीआई को जिले के 8 कपास खरीदी केंद्रों—सनावद, भीकनगांव, बड़वाह, बागोद, करही, कसरावद, महेश्वर और खरगोन—पर सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
रबी सीजन की तैयारी
शासन के निर्देशानुसार जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान 3 से 18 अक्टूबर 2025 तक ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होगा। इसमें तकनीकी दल किसानों को जागरूक करेंगे।
उर्वरक की उपलब्धता
उप संचालक कृषि एस.एस. राजपूत ने किसान संघ प्रतिनिधियों को बताया कि जिले में सभी प्रकार के उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं—
यूरिया: 7831 मै.टन
डीएपी: 5205 मै.टन
एनपीके: 10504 मै.टन
पोटाश: 1080 मै.टन
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे आवश्यकता अनुसार उर्वरक का अग्रिम उठाव कर भंडारण कर लें।












