3200 पौधों की अवैध खेती का भंडाफोड़, कीमत लगभग 1.77 करोड़ रुपए
खरगोन। The India Speaks Desk
खरगोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3551 किलो (35.51 क्विंटल) अवैध मादक पदार्थ गांजा की खेती करने वाले फरार आरोपी टीडिया पिता दितु जमरे को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा के निर्देश पर जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई।
3200 गांजे के पौधे मिले थे—पुलिस की दबिश के बाद से आरोपी था फरार
दरअसल, 12 नवंबर 2025 को चौकी हेलापडावा, थाना चैनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नवदिया फलया टांडावाड़ी इलाके में पहाड़ी क्षेत्र के शेडो एरिया (नो नेटवर्क ज़ोन) में बड़े पैमाने पर गांजे की अवैध खेती की जा रही है। सूचना पर तत्काल दबिश देते हुए पुलिस ने मौके से 03 अलग-अलग हिस्सों में लगे कुल 3200 पौधे, जिनका वजन 3551 किलो 240 ग्राम (35.51 क्विंटल) था, जब्त किए थे।
इनकी अनुमानित कीमत 1,77,56,200 रुपये (1 करोड़ 77 लाख 56 हजार 200 रुपये) आंकी गई थी। हालांकि दबिश के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया था।
इसी बीच पुलिस लगातार उसकी तलाश में लगी रही और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। इसके बाद आज पुलिस को सफलता मिली और आरोपी टीडिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम ने जंगल-पहाड़ी इलाकों में कई दिन तक की तलाश
आरोपी की गिरफ्तारी में SDOP भीकनगांव श्री राकेश आर्य के निर्देशन में थाना प्रभारी चैनपुर निरीक्षक श्री गेहलोद सेमलिया, चौकी प्रभारी हेलापडावा उप निरीक्षक रमेशचंद्र गेहलोत, सउनि चंद्रकांत महाजन, आरक्षक धर्मेंद्र यादव, आरक्षक राहुल आटपाडकर एवं सैनिक वीरसिंह का विशेष योगदान रहा।












