कतरगांव की शासकीय हाई स्कूल में पसरी गंदगी, नहीं है शौचालय व स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था
खरगोन/कतरगांव। प्रभु रंसोरे | The India Speaks
एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाया जा रहा स्वच्छ भारत अभियान देशभर में स्वच्छता का संदेश दे रहा है, वहीं दूसरी ओर कतरगांव स्थित शासकीय हाई स्कूल परिसर में गंदगी और लापरवाही की तस्वीर सामने आई है।
शिक्षा के इस मंदिर में चारों ओर कीचड़, कचरा और झाड़ियां पसरी हुई हैं। झंडा वंदन स्थल के पास भी गंदगी का जमाव है। स्कूल के मुख्य द्वार से लेकर परिसर तक का माहौल स्वच्छता के दावों की पोल खोलता नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में कक्षा पहली से दसवीं तक 198 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जो इस अस्वच्छ वातावरण में पढ़ने को मजबूर हैं।
विद्यालय परिसर में छात्रों के लिए लगाए गए पानी की टंकी और नल के आसपास भी सफाई का अभाव है। जहां बच्चों को स्वच्छ पेयजल मिलना चाहिए, वहां हरि काई और गंदगी जमी हुई है।
बच्चों को इसी स्थान से पानी पीना पड़ता है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है।
विद्यालय परिसर में एकमात्र पक्का बाथरूम केवल अध्यापिकाओं और बालिकाओं के उपयोग के लिए है।
बालकों को स्कूल परिसर के किनारे हरि नेट की आड़ में शौच के लिए जाना पड़ता है, जो न केवल अस्वच्छ स्थिति है बल्कि बच्चों की सेहत और गरिमा दोनों के लिए चिंताजनक है।
स्कूल परिसर में गंदगी के लिए शिक्षा विभाग और पंचायत के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
स्कूल प्राचार्य ब्रजेश कुमारावत ने कहा —
“स्कूल परिसर में गंदगी नहीं है, यह गंदगी हमारे क्षेत्र की नहीं है।”
वहीं पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि प्रकाश पाटीदार का कहना है —
“पंचायत भवन की तरफ से कोई गंदगी नहीं है, हमारे क्षेत्र में सफाई नियमित रूप से होती है।”
स्थानीय लोगों की गुहार – जिम्मेदार ध्यान दें
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल परिसर की सफाई नियमित नहीं होती। उन्होंने प्रशासन और पंचायत से आग्रह किया है कि स्कूल में सफाई व्यवस्था सुधारी जाए, और पीने के पानी की टंकी के आसपास की जगह साफ की जाए, ताकि विद्यार्थी स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकें।
शिक्षा विभाग ने दिया समाधान का भरोसा
बीएओ रामलाल चौहान ने The India Speaks से कहा —
“आपके माध्यम से मामला संज्ञान में लाया गया है। स्कूल परिसर की जल्द सफाई कराई जाएगी और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए नए बाथरूम निर्माण का प्रस्ताव भी भेजा जाएगा।”












