सिकल सेल एनीमिया मुक्त प्रदेश की दिशा में बड़ी पहल, 20,000 से अधिक हितग्राहियों की हुई स्क्रीनिंग
भोपाल। The India Speaks Desk
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सिकल सेल एनीमिया मुक्त राज्य बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश ने एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि मध्यप्रदेश में एक ही दिन में 14,573 यूनिट रक्तदान हुआ है, जो पूरे देश में सबसे अधिक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) के अवसर पर “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” अभियान की शुरुआत की गई थी। इस अभियान के पहले ही दिन मध्यप्रदेश ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की।
सिकल सेल स्क्रीनिंग में भी कीर्तिमान
रक्तदान के साथ-साथ प्रदेश में 20,379 से अधिक हितग्राहियों की सिकल सेल स्क्रीनिंग की गई, जो अपने आप में एक नया कीर्तिमान है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की।
सिकल सेल एनीमिया मुक्त मध्यप्रदेश बनाने की दिशा में हम मजबूत कदमों से आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेशवासियों का यह सहयोग और जागरूकता ही हमारी ताकत है।”
— डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश












