कलेक्टर के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई — अवैध शराब तस्करों पर कसता शिकंजा
इंदौर। The India Speaks Desk
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के आदेश और सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के निर्देशन में इंदौर आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध अपनी मुहिम को और तेज कर दिया है। कंट्रोलर श्री देवेश चतुर्वेदी एवं डिप्टी कंट्रोलर श्री मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में विभागीय टीमों ने 29-30 अक्टूबर को विभिन्न स्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की।
इन कार्रवाइयों में आबकारी विभाग ने पांच दोपहिया वाहनों से अवैध मदिरा का परिवहन कर रहे 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)क के तहत कुल 05 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
आबकारी अधिकारी श्री आशीष जैन के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में एक दोपहिया वाहन से अवैध रूप से ले जाई जा रही विदेशी मदिरा व्हिस्की बरामद की गई। आरोपी सागर पिता राजेश के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए वाहन और मदिरा जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग ₹80,000 है।
इस कार्रवाई में आबकारी आरक्षक मुकेश रावत, वीरेंद्र पटेल, विपुल खरे और नर्मदा अलावा का योगदान सराहनीय रहा।
वृत्त प्रभारी प्रियंका रानी चौरसिया की टीम ने एक दोपहिया वाहन से 100 पाव देशी प्लेन मदिरा बरामद की। आरोपी संदीप रैकवार पिता नरेश रैकवार को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। जब्त मदिरा और वाहन की कीमत लगभग ₹92,500 आँकी गई।
टीम में तरुण सिंह जाट, परमजीत कौर और अजय चंद्रवाल शामिल रहे।
वृत्त प्रभारी श्री सुनील मालवीय की टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में अवैध रूप से ले जाई जा रही विदेशी मदिरा की दो पेटियाँ (व्हिस्की लंदन प्राइड और रम) जब्त कीं। आरोपी युगल पिता कँवरलाल और सर्जन पिता उमराव के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए।
दोनों मामलों में बरामद मदिरा और वाहनों की कुल कीमत लगभग ₹1,28,000 आंकी गई।
इस कार्रवाई में विक्रम यादव, विजय सोलंकी, अरविंद शर्मा और विपुल खरे की भूमिका उल्लेखनीय रही।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी गणपत सिंह धुध के नेतृत्व में उप निरीक्षक कृतिका द्विवेदी की टीम ने एक बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से 10 लीटर कच्ची हाथभट्टी मदिरा बरामद की। आरोपी गोलू करोसिया पिता विनोद करोसिया के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। जब्त सामग्री और वाहन का मूल्य लगभग ₹70,000 है।
कार्रवाई में आबकारी आरक्षक रीना भिड़े का सराहनीय योगदान रहा।
इन सभी कार्रवाइयों में कुल मिलाकर लगभग ₹3,70,500 की अवैध मदिरा और वाहन जब्त किए गए।
“आबकारी विभाग अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। इंदौर जिले में किसी भी प्रकार का अवैध मदिरा परिवहन या विक्रय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता से अपील है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।”
— श्री अभिषेक तिवारी, सहायक आयुक्त आबकारी, इंदौर












