इंदौर | The India Speaks Desk
इंदौर, खजराना गणेश मंदिर के पास स्थित खजराना क्षेत्र में संस्था गणेश्वरी द्वारा आयोजित मां कामाख्या गरबा मंडल का भव्य आयोजन लगातार 45वें वर्ष भी श्रद्धा और उल्लास के साथ जारी है। यह आयोजन केवल सांस्कृतिक पर्व नहीं बल्कि धार्मिक निष्ठा और सामाजिक सेवा की एक अटूट परंपरा का प्रतीक बन चुका है।
45 वर्षों से सांस्कृतिक और धार्मिक सेवा
संस्था गणेश्वरी, जो साल भर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहती है, नवरात्रि के पावन अवसर पर इस विशाल गरबा महोत्सव का संचालन करती है। कार्यक्रम की भव्यता और वर्षों पुरानी विरासत इसे इंदौर के प्रमुख नवरात्रि आयोजनों में से एक बनाती है।
कार्यक्रम के आयोजकों में से एक, विजय वर्मा ने मीडिया से चर्चा में बताया कि इस गौरवशाली परंपरा की शुरुआत 45 वर्ष पूर्व उनके पिता और ‘रुस्तमे मध्य प्रदेश’ पहलवान श्री ओम प्रकाश वर्मा जी ने की थी। उन्होंने कहा,
“पिताजी द्वारा शुरू की गई यह परंपरा, धार्मिक और सांस्कृतिक सेवा का जो बीज उन्होंने बोया है, वह आज एक वटवृक्ष बन गया है, जिसे हम भाई जय वर्मा और रिंकू वर्मा तथा मित्र मंडल के सहयोग से पूरी निष्ठा से आगे बढ़ा रहे हैं।”
प्रसादी वितरण और ईनाम
यह गरबा महोत्सव केवल नृत्य तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें धार्मिक सेवा का भी विशेष ध्यान रखा जाता है। कार्यक्रम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्तों को प्रसादी का वितरण किया जाता है। साथ ही, प्रतिभागियों के उत्साह को बनाए रखने के लिए टोकन ड्रा और लकी-डिप के माध्यम से प्रतिदिन ईनाम वितरण भी किए जाते हैं।
आयोजकों ने बताया कि खजराना गणेश के आशीर्वाद से यह आयोजन बीते 45 वर्षों से बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक होता आ रहा है और भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगा। यह आयोजन क्षेत्र की जनता को भक्ति, उत्साह और भाईचारे के रंग में रंग देता है।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग
कार्यक्रम आयोजक: संस्था गणेश्वरी – जय वर्मा, रिंकू वर्मा, विजय वर्मा, मित्र मंडल।
इस गरिमामय आयोजन में वरिष्ठ पत्रकार शाहिद शेख, युवा पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता निर्मल रोकड़े, भाजपा युवा नेता शुभम बिल्लौरे सहित अन्य गणमान्य साथी भी उपस्थित रहे।












