खंडवा। अनिल चौरसिया | The India Speaks
कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने जिले के सभी विभागों के जिला अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने विभाग के अंतर्गत अधिकारी एवं कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तरीय विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देशित किया कि सभी विभाग दिसंबर माह के भीतर अपनी-अपनी विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित करें। बैठक में प्राप्त समस्याओं, सुझावों और लिए गए निर्णयों की कार्यवाही विवरण रिपोर्ट आगामी 5 जनवरी तक कलेक्ट्रेट कार्यालय भेजना अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य कर्मचारियों की विभागीय समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अधिक सुदृढ़ हो सके।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि बैठकें केवल औपचारिकता न होकर वास्तविक समस्याओं के समाधान का मंच बनें। सभी विभागाध्यक्ष इस विषय में गंभीरता से कार्य करें और कर्मचारियों के साथ संवाद को प्राथमिकता दें।












