सुलगांव और हरवंशपुरा में दबिश, हाथ भट्टी मदिरा व महुआ लहान जप्त
खंडवा। The India Speaks Desk
कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में जिले में मदिरा के अवैध संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को आबकारी विभाग के दल ने ग्राम सुलगांव एवं हरवंशपुरा में दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आबकारी दल ने मौके से 12 पाव देशी मदिरा प्लेन, 8 केन बीयर, 52 लीटर हाथ भट्टी मदिरा तथा 260 किलोग्राम महुआ लहान जप्त किया। जप्त किए गए महुआ लहान को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट किया गया।
जिला आबकारी अधिकारी श्री विकास मंडलोई ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कुल 8 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जप्तशुदा मदिरा एवं महुआ लहान का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹35,620 आंका गया है।
“अवैध मदिरा के संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
— श्री विकास मंडलोई, जिला आबकारी अधिकारी











