सांवेर विधानसभा को आदर्श विधानसभा बनाएंगे — मंत्री सिलावट
कहा — “देश की आत्मा गाँवों में बसती है, ज़मीन किसान की माँ है”
इंदौर। The India Speaks Desk
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने रविवार को सांवेर विधानसभा के अंतर्गत आने वाले चिमली (पानोड़) में 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सांवेर विधानसभा को आदर्श विधानसभा बनाया जाएगा, जहाँ विकास की हर दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
चिमली घाट और बैराज से बढ़ेगा सिंचाई क्षेत्र, होगा जलस्तर में सुधार
मंत्री सिलावट ने बताया कि 3 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चिमली घाट के निर्माण से अब बड़ी संख्या में ग्रामीण अमावस्या और पर्वों पर सामूहिक स्नान कर सकेंगे।
इसी तरह 2 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चिमली बैराज से लगभग 140 हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई होगी और आसपास के क्षेत्रों में पानी का स्तर भी बढ़ेगा।
सड़क, पुलिया और सामुदायिक भवन से बढ़ेगी सुविधाएं
मंत्री सिलावट ने चिमली-पानोड़ गणपति मंदिर से बिलोदा-सांवेर रोड का भूमिपूजन भी किया, जिसकी लागत 1 करोड़ 85 लाख रुपये है। इस रोड के बन जाने से हजारों ग्रामीणों को आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी।
साथ ही ढेड़ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ईंट भट्टा क्षेत्र की पुलिया और सीसी रोड का लोकार्पण किया गया।
मंत्री सिलावट ने 15 लाख रुपये की लागत वाले सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया, जिससे ग्रामीण गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा।
“गांवों में बसती है देश की आत्मा” — तुलसीराम सिलावट
अपने संबोधन में मंत्री सिलावट ने कहा —
“देश की आत्मा गाँवों में बसती है और ज़मीन किसान की माँ है। किसानों को अपनी ज़मीन नहीं बेचनी चाहिए, बल्कि उसे संभालकर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सड़कों का तेजी से विकास हो रहा है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
किसानों के हित में योजनाओं पर बल
मंत्री सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत, और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं से किसानों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने भावांतर योजना के तहत फसलों का उचित मूल्य पाने के लिए किसानों से पंजीयन कराने की अपील भी की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की बड़ी उपस्थिति
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना सतीश मालवीय, श्री श्रवण सिंह चावड़ा, श्री भारत सिंह चौहान, श्री दिलीप चौधरी, श्री अंतर सिंह दयाल, श्री हुकुम सांखला, श्री सुभाष चौधरी, श्री संदीप चंगेड़िया, श्री मानसिंह चौहान, श्री रवि वाजपेयी, श्री तूफान सिंह, श्री विपिन जागीरदार, श्री विष्णु चौधरी, श्री भगवान परमार, श्री दयाराम चौधरी, मुन्ना जैन, और श्री मोहन खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।












