स्वास्थ्य, पोषण और मानसिक विकास को लेकर जागरूक हुईं छात्राएं
बड़वाह। The India Speaks Desk
आज दिनांक 09 जनवरी 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय बड़वाह की छात्राओं ने उमंग स्वास्थ्य केंद्र का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान किशोरियों को राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के अंतर्गत आने वाली 6 प्रमुख प्राथमिकताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान छात्राओं को पोषण (Nutrition), यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, गैर-संचारी बीमारियां, चोट एवं लिंग आधारित हिंसा, मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव इसके साथ ही किशोर अवस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक बदलावों, BMI (Body Mass Index) के महत्व तथा उमंग हेल्पलाइन नंबर 18008914425 की जानकारी भी किशोरियों को दी गई।
छात्राओं ने अस्पताल भ्रमण कर विभागों की कार्यप्रणाली जानी
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को उमंग स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ अस्पताल के विभिन्न विभागों का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं, परामर्श व्यवस्था और उपचार प्रणाली की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उमंग स्वास्थ्य केंद्र के परामर्शदाता साजन अवचरे, संस्था प्रमुख डॉ. यशवंत इंगला, डॉ. नबील अहमद, डॉ. संस्कार ठाकुर, डॉ. नीरज वर्मा, डॉ. कामिनी पटेल, डॉ. श्रद्धा खंडेलवाल सहित नर्सिंग ऑफिसर रामविलास बिरला, दिनेश गुर्जर, राजकुमार पटेल एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना रहा।












