तालाबंदी से संकट में 250 परिवार, तीसरे दिन भी जारी रहा कर्मचारियों का आंदोलन
बड़वाह। The India Speaks Desk
नए साल की शुरुआत में तालाबंदी के चलते रोजी-रोजगार से वंचित हुए बैग फैक्ट्री फ्लेक्सी फ्यूजन प्रा. लि. के करीब 250 कर्मचारी गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कर्मचारियों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार दोपहर महिला एवं पुरुष कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
SDM को सौंपा गया ज्ञापन, प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण शर्मा के नेतृत्व में कर्मचारी एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसडीएम सत्यनारायण दर्रा को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि जिला प्रशासन इस मामले में हस्तक्षेप कर फैक्ट्री पुनः चालू कराए या वैकल्पिक रूप से कर्मचारियों को उनका वैधानिक हक दिलाया जाए।
कर्मचारी प्रतिनिधियों जितेंद्र खांडे, पंकज पाटीदार, दीपक चौहान, प्रवीण करोल, मोहन सीटोले, जितेंद्र ताम्रकार, दीपक यादव सहित अन्य ने प्रशासन से आग्रह किया कि 15 दिवस के भीतर समस्या का समाधान किया जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने स्पष्ट कहा
“इस संघर्ष में कांग्रेस का कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। यह राजनीति नहीं, बल्कि सकारात्मक विपक्ष की भूमिका है। हमारा उद्देश्य क्षेत्र के उद्योग, रोजगार और युवाओं के भविष्य को बचाना है।”
आंदोलन के दौरान जिला कांग्रेस सेवादल उपाध्यक्ष संतोष मालवीय, पार्षद अनिल कानूनगो, युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष जितेंद्र यादव और बेड़ियां ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश बर्मन भी उपस्थित रहे और कर्मचारियों को समर्थन दिया।
📞 7772828778 | 7723024600












