डालुका मार्केट में किराये के कमरे से चल रहा था अनैतिक धंधा, महिला संचालक और एक पुरुष गिरफ्तार
बड़वाह। The India Speaks Desk
खरगोन जिले के बड़वाह में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश किया है। डालुका मार्केट क्षेत्र में किराये के कमरे से संचालित हो रहे इस अवैध धंधे पर पुलिस ने दबिश देकर महिला संचालक सहित एक पुरुष को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से दो अन्य महिलाओं को भी बरामद किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) अनुराग एवं पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देशों के पालन में, पुलिस अधीक्षक खरगोन रविंद्र वर्मा द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन में बड़वाह थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर तत्काल दबिश
दिनांक 18 जनवरी 2026 को थाना बड़वाह पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि डालुका मार्केट में एक किराये के कमरे में बाहर से महिलाओं को बुलाकर अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक बलरामसिंह राठौर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर महिला पुलिसकर्मियों के साथ तत्काल दबिश दी गई।
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके पर सनावद निवासी एक महिला संचालक, पश्चिम बंगाल से आई हुई दो महिलाएं,
तथा बेड़िया निवासी एक पुरुष आपत्तिजनक अवस्था में पाए गए।
मौके से पुलिस ने अवैध देह व्यापार से अर्जित नकद राशि, मोबाइल फोन एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री विधिवत जब्त की।
📞 7772828778 | 7723024600
अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पूछताछ में यह पुष्टि हुई कि उक्त किराये के कमरे में संगठित रूप से बाहर की महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस ने थाना बड़वाह में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर महिला संचालक और एक पुरुष को गिरफ्तार किया।
इस कार्रवाई में एसडीओपी बड़वाह श्रीमती अर्चना रावत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक बलरामसिंह राठौर, उनि. रेणूका राठौर, सउनि. शिवप्रसाद वर्मा, प्र.आर. 471 विनोद कुमार यादव, म.आर. 967 अन्नपूर्णा तिवारी, म.आर. 552 नर्मदा यादव एवं आर. 205 दीपक तोमर का विशेष योगदान रहा।












