ब्रज की होली की प्रस्तुति और रंगारंग गैर बनेगी मुख्य आकर्षण
बड़वाह। The India Speaks Desk
रंग पंचमी के अवसर पर बड़वाह नगर में इस वर्ष भी परंपरागत उत्साह और धार्मिक वातावरण के साथ भव्य आयोजन किए जाएंगे। संस्था नवसृजन एवं राकेश गुप्ता मित्रमंडल द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी फाग उत्सव एवं ऐतिहासिक श्री राधाकृष्ण फाग यात्रा (रंगारंग गैर) का आयोजन किया जा रहा है।
पूर्व संध्या पर मनाया जाएगा भव्य फाग उत्सव
संस्था नवसृजन के संयोजक राकेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा पिछले 22 वर्षों से नगर में रंग पंचमी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष 7 मार्च 2026 को रंग पंचमी की पूर्व संध्या पर नगर पालिका प्रांगण बड़वाह में भव्य फाग उत्सव आयोजित किया जाएगा।
इस आयोजन में वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा ब्रज की पारंपरिक होली की प्रस्तुति सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे पूरा माहौल होली के रंग और भक्ति से सराबोर होगा।
8 मार्च को निकलेगी श्री राधाकृष्ण फाग यात्रा (रंगारंग गैर)
इसके अगले दिन 8 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे से नागेश्वर मंदिर से भव्य श्री राधाकृष्ण फाग यात्रा (रंगारंग गैर) निकाली जाएगी। इस यात्रा में भगवान राधा-कृष्ण की झांकी, आदिवासी मांदल वाद्य, ढोल-ताशे, भजन मंडली और रंग-गुलाल उड़ाने वाली मशीन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
संस्था संयोजक राकेश गुप्ता ने बड़वाह नगर सहित आसपास के क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों से दोनों आयोजनों में शामिल होकर उत्सव का आनंद लेने का आग्रह किया है।












