लंबे राजनीतिक और सामाजिक जीवन का हुआ अंत, कांग्रेस नेताओं ने व्यक्त किया शोक
बड़वाह। The India Speaks Desk
वरिष्ठ समाजसेवी एवं कांग्रेस नेत्री श्रीमती पुष्पा शर्मा का शुक्रवार देर रात दुखद निधन हो गया। शनिवार को उनकी अंतिम यात्रा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित उनके निवास से निकली। नर्मदा तट खेड़ीघाट पर परिजनों एवं कांग्रेस पदाधिकारियों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके सुपुत्र एडवोकेट मैत्रेय शर्मा ने मुखाग्नि दी।
अपने लंबे राजनीतिक और सामाजिक जीवन में श्रीमती पुष्पा शर्मा ने प्रदेश के किसान नेता स्व. सुभाष यादव के नेतृत्व में सक्रिय रहकर कार्य किया। वे प्रदेश कांग्रेस डेलीगेट रह चुकी थीं और पार्टी संगठन में कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाइक, नरेंद्र पटेल सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
कांग्रेस संगठन ने वरिष्ठ नेत्री के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनकी पार्थिव देह पर पुष्पहार, शाल एवं श्रीफल अर्पित कर पार्टी ध्वज ओढ़ाकर अंतिम बिदाई दी।
इस दौरान कांग्रेस संगठन के पूर्व प्रदेश सचिव अशोक जैन, रविंदर सिंह भाटिया, प्रदीप सेठिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीलेश रोकड़िया, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, उपाध्यक्ष फ्रेजेंट जैन, महामंत्री केदार डालुका, सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र पाटीदार, सचिव सुरेंद्र मालवीय, पूर्व नपा अध्यक्ष अनिल राय, दीपक जैन, युवा कांग्रेस नेता हिम्मत पटेल, नगर अध्यक्ष जितेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।
सभी ने परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
महिला सशक्तिकरण की प्रेरक पहचान
श्रीमती शर्मा ने भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के माध्यम से स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाए। मूलतः काटकूट क्षेत्र की निवासी होने के बावजूद उन्होंने बड़वाह में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं को सशक्त करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई।
बार एसोसिएशन के अनेक अधिवक्ता, मारवाड़ी ब्राह्मण समाज, LIC प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उनकी अंतिम यात्रा में सम्मिलित हुए।












