5 जनवरी से थे लापता, तीसरे दिन धर्मशाला परिसर में मिला शव
खरगोन | The India Speaks
शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित श्रीराम धर्मशाला में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब परिसर के शौचालय में एक बुजुर्ग का शव मिला। मृतक की पहचान इंदौर के कपड़ा व्यवसायी गणपत दवे (60) के रूप में हुई है, जो 4 जनवरी को धर्मशाला में ठहरे थे और 5 जनवरी से लापता बताए जा रहे थे।
परिजनों द्वारा 5 जनवरी को कोतवाली थाने में गणपत दवे की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस को बुधवार सुबह सूचना मिली कि श्रीराम धर्मशाला के शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद है। दरवाजा तोड़ने पर भीतर शव मिला, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
धर्मशाला प्रबंधन पर उठे सवाल
परिजनों ने धर्मशाला की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि शव दो दिनों तक शौचालय में पड़ा रहा, इसके बावजूद सफाई या निरीक्षण के दौरान किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
“अगर समय रहते ध्यान दिया जाता तो स्थिति कुछ और हो सकती थी। दो दिन तक शव शौचालय में पड़ा रहा, यह घोर लापरवाही है।”
— परिजन
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। धर्मशाला स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इतने समय तक किसी को घटना की जानकारी क्यों नहीं लगी।












