कानापुर संकुल के ग्राम आरसी स्कूल में स्थायी शिक्षक की अनुपस्थिति से प्रभावित हो रही बच्चों की पढ़ाई
कानापुर। आकाश बिरला | The India Speaks
कानापुर संकुल अंतर्गत ग्राम आरसी स्थित प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ स्थायी शिक्षक मुन्नालाल सोलंकी की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी असंतोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय में अनुपस्थित रहते हैं और कई बार केवल उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर कर विद्यालय से चले जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह स्थिति किसी एक-दो दिन की नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही है। कई बार विद्यालय समय पर नहीं खुलता और कई बार निर्धारित समय से पहले ही बंद कर दिया जाता है। इससे बच्चों की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्राथमिक शिक्षा जैसे संवेदनशील स्तर पर इस तरह की लापरवाही को ग्रामीण गंभीर विषय मान रहे हैं।
शुक्रवार को जब ग्रामीणों एवं पत्रकारों ने विद्यालय का निरीक्षण किया, तो मौके पर अतिथि शिक्षक उपस्थित मिले, जबकि स्थायी शिक्षक मुन्नालाल सोलंकी मौजूद नहीं थे। पूछताछ करने पर अतिथि शिक्षक ने बताया कि “सर बड़वाह डायसकोड के लिए गए हैं।”
जब इस संबंध में शिक्षक मुन्नालाल सोलंकी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि वे बेड़ियां निवासी छात्रा नंदिनी का आधार अपडेट करवाने उसके पिता दिनेश के साथ गए हैं।
हालांकि, जब छात्रा के पालक से फोन पर बात की गई, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और वे अपने निजी कार्य से बड़वाह आए थे। इस बयान से पूरे मामले में विरोधाभास सामने आया है।
ग्रामीण विजय, दीपक एवं पंच विजय निगवाल ने बताया कि शिक्षक कई दिनों से या तो स्कूल जल्दी बंद कर देते हैं या स्वयं उपस्थिति लगाकर घर चले जाते हैं। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। मजबूरी में कई ग्रामीण अपने बच्चों को निजी स्कूलों में भेज रहे हैं।
📞 7772828778 | 7723024600
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही विद्यालय में नियमित शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।
इस मामले में संकुल प्राचार्य दिलीप बिरले ने बताया कि शिक्षक मुन्नालाल सोलंकी द्वारा अवकाश को लेकर उन्हें किसी भी प्रकार की सूचना नहीं दी गई है।












