बेमौसम बारिश और तेज आंधी ने किसानों की मेहनत पर फेरा पानी, रबी फसलों को भारी नुकसान
कसरावद। The India Speaks Desk
कसरावद तहसील क्षेत्र में मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी, बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि ने किसानों की फसलों पर कहर बरपा दिया। प्राकृतिक आपदा के चलते गेहूं, चना और मक्का जैसी रबी की प्रमुख फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं, जिससे पहले से कर्ज में डूबे किसानों की उम्मीदें टूट गईं।
बुधवार सुबह जब किसान अपने खेतों में पहुंचे तो फसलें जमीन पर बिछी मिलीं। ओलावृष्टि और तेज हवा के कारण बालियां टूट गईं और तैयार फसल नष्ट हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
जयस संगठन ने एसडीएम कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
फसल नुकसान से प्रभावित किसानों के समर्थन में जयस संगठन कसरावद द्वारा एसडीएम कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार कैलाश डामर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि राजस्व विभाग द्वारा तत्काल फसल नुकसान का सर्वे कराया जाए और वास्तविक नुकसान के अनुरूप किसानों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
इस दौरान जयस संगठन अध्यक्ष कपिल खराडे सहित शोभाराम पटेल, सोमल चौहान, अरविंद भूरिया, लखन भांवरे, अर्पित माथुर, विशाल गुड़िया, दीपक वर्मा, भगवान यादव, सचिन खराडे, राजकुमार वास्कले, राजेन्द्र, जगदीश, मुकेश, कालू ब्राह्मणे, ललित डावर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












