सत्यनारायण शर्मा
खण्डार (राजस्थान), 8 अक्टूबर 2025। सवाईमाधोपुर जिले का खण्डार उप जिला अस्पताल इस समय गंभीर अव्यवस्थाओं और डॉक्टरों की भारी कमी से जूझ रहा है। प्रतिदिन 1000 से 1500 मरीजों की ओपीडी वाले इस अस्पताल का जिम्मा मात्र तीन डॉक्टरों के कंधे पर है, जिसके कारण न केवल लंबी कतारें लग रही हैं, बल्कि मरीजों के इलाज में नियमों का गंभीर उल्लंघन भी सामने आया है।
हमारे संवाददाता को आज दिनांक 8 अक्टूबर 2025 को परेशान मरीजों ने फोन कर अस्पताल की बदहाली के बारे में बताया। मौके पर पहुँचने पर पर्ची काउंटर से लेकर ओपीडी तक मरीजों की लंबी कतारें देखी गईं।
विशेषज्ञ डॉक्टर कर रहे सामान्य मरीजों का इलाज
अस्पताल में मौजूद तीन डॉक्टरों में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ओमराज मीना, अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. रघुवीर मीणा और फिजिशियन डॉ. राहुल गुप्ता शामिल हैं।
अव्यवस्था का आलम यह है कि अस्पताल के इंचार्ज, जो स्वयं अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. रघुवीर मीणा हैं, उन्हें मजबूरन फिजिशियन की सीट पर बैठकर सामान्य मरीजों को देखना पड़ रहा था। वहीं, फिजिशियन डॉ. राहुल गुप्ता वार्ड में व्यस्त थे। डॉक्टरों की कमी के चलते विशेषज्ञ डॉक्टरों को अपने मूल काम से हटकर सामान्य चिकित्सा करनी पड़ रही है।
गंभीर सवाल: होम्योपैथिक डॉक्टर कर रही हैं एलोपैथिक इलाज


इससे भी बड़ा और गंभीर मामला तब सामने आया, जब अस्पताल की एलोपैथिक ओपीडी में डॉक्टर सौम्या मीना रोगियों का इलाज करते नजर आईं। संवाददाता के कैमरे में कैद हुई यह डॉक्टर असल में एक होम्योपैथिक चिकित्सक हैं।
📞 7772828778 | 7723024600
सवाल यह है कि होम्योपैथिक डॉक्टर, जो एलोपैथिक चिकित्सा के लिए अधिकृत नहीं होते हैं, वे उप जिला अस्पताल की एलोपैथिक ओपीडी में मरीजों का इलाज कैसे कर सकते हैं? और यह नियमों का उल्लंघन अस्पताल के इंचार्ज की सीट के ठीक सामने हो रहा था।
”भगवान भरोसे चल रहा है अस्पताल”
जहाँ एक ओर 1000 से 1500 मरीजों की दैनिक ओपीडी है, वहीं दो डॉक्टर यहाँ विशेषज्ञ हैं, जिससे सामान्य मरीजों के लिए प्रभावी रूप से सिर्फ एक या दो ही डॉक्टर उपलब्ध हो पाते हैं। यदि इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भी मान लिया जाए, तब भी यह सुविधा एक या दो डॉक्टर के भरोसे चलाना मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ है।
संवाददाता ने कुछ डॉक्टरों और मरीजों से बात की, तो सभी ने अपनी पीड़ा व्यक्त की। मरीजों ने तत्काल सरकार से अस्पताल में डॉक्टरों की पर्याप्त संख्या में नियुक्ति करने की मांग की है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अपील
मरीजों ने क्षेत्रीय विधायक जितेंद्र गोठवाल और सांसद से अस्पताल की इस दयनीय स्थिति पर ध्यान देने और जल्द से जल्द डॉक्टरों की नियुक्ति करने की अपील की है। अस्पताल में डॉक्टरों की तत्काल नियुक्ति और क्रॉस-पैथी (होम्योपैथिक डॉक्टर द्वारा एलोपैथिक इलाज) पर रोक लगाना अति आवश्यक है ताकि मरीजों के जीवन के साथ हो रहे इस खिलवाड़ को रोका जा सके।












