48 घंटे CCTV खंगालने के बाद पुलिस को मिली सफलता, सोना-चांदी कचरे के ढेर में छुपाया गया था
बड़वाह। The India Speaks Desk
खरगोन जिले के बड़वाह थाना क्षेत्र में सूने मकानों और दुकान में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 02 शातिर आरोपियों और 01 विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 90 लाख रुपये मूल्य का सोना, चांदी, नकदी और वाहन बरामद किया है।
दिनांक 30 जनवरी 2026 को बड़वाह निवासी फरियादी अरुण द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वे माताजी के इलाज हेतु बाहर गए हुए थे। इसी दौरान उनके सूने मकान से अज्ञात चोरों ने 300 ग्राम सोने के 3 बार,अन्य सोने के आभूषण (कुल लगभग 370 ग्राम), 5 किलो चांदी के बार, लैपटॉप और कपड़े चोरी कर लिए।
इस मामले में थाना बड़वाह पर अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
48 घंटे CCTV खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती शकुन्तला रुहल एवं एसडीओपी बड़वाह श्रीमती अर्चना रावत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी श्री बलराम सिंह राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने 48 घंटे तक लगातार CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
CCTV में दिख रहे एक संदिग्ध की पहचान 16 वर्षीय विधि विरुद्ध बालक के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने साथियों हर्ष और पेश उर्फ दिव्यांश के साथ चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया लगभग पूरा मशरुका कचरे के ढेर से बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों पर पूर्व से चोरी, मारपीट एवं अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज पाए गए हैं। इस कार्रवाई में थाना बड़वाह, सनावद थाना, साइबर सेल और एसडीओपी कार्यालय की संयुक्त टीम का सराहनीय योगदान रहा।












