खाटू श्याम मंदिर की दान पेटी तोड़ने की कोशिश, 01 आरोपी गिरफ्तार – पूर्व में भी 4 आपराधिक प्रकरण दर्ज
करही (खरगोन)। प्रभु रन्सोरे | The India Speaks
जिला खरगोन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के तहत थाना करही पुलिस ने खाटू श्याम मंदिर में दान पेटी तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) अनुराग एवं पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के मार्गदर्शन में चोरी एवं लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुन्तला रुहल के निर्देशन में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 27.02.2026 को थाना करही को सूचना मिली कि ग्राम करही स्थित खाटू श्याम मंदिर में अज्ञात व्यक्ति द्वारा दान पेटी का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया है। सूचना पर अपराध क्रमांक 60/26 धारा 62, 334(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी बड़वाह श्रीमती अर्चना रावत के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी करही निरीक्षक राजेन्द्र इंगले के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मंदिर परिसर के आसपास रवि निवासी नेहरू मार्केट करही की संदिग्ध गतिविधियां देखी गई थीं। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए रवि को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने दान पेटी का ताला लोहे के सरिये से तोड़ने की बात स्वीकार की।
आरोपी ने बताया कि लालचवश उसने ताला तोड़ा, लेकिन नकुचा मुड़ जाने के कारण पैसे नहीं निकाल सका। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मंदिर परिसर के पास से टूटा हुआ ताले का हिस्सा एवं लोहे का सरिया जप्त किया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी बड़वाह श्रीमती अर्चना रावत के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी करही निरीक्षक राजेन्द्र इंगले के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शकुन्तला डुडवे, सहायक उपनिरीक्षक मोहन गायकवाड़, प्रधान आरक्षक रवि कुशवाह, आरक्षक अनुराग तोमर सहित अन्य स्टाफ का विशेष योगदान रहा।












