नगरीय विकास विभाग की समीक्षा बैठक में दिए महत्वपूर्ण निर्देश
खरगोन। The India Speaks Desk
कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल की अध्यक्षता में सोमवार को नगरीय विकास विभाग की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
कलेक्टर मित्तल ने सभी नगरीय निकायों को गीता भवन के लिए भूमि आवंटन आवेदन संबंधित एसडीएम को अग्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इन भवनों का भूमिपूजन दिसंबर माह में मुख्यमंत्री द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।
कलेक्टर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 के अंतर्गत बड़वाह को छोड़कर किसी अन्य निकाय ने वसूली नहीं की है। उन्होंने सभी नगरीय निकायों को जनवरी अंत तक वसूली कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने योजना के तहत स्वीकृत आवासों की प्रगति की जानकारी ली और खरगोन व महेश्वर नगर पालिका को प्रगतिरत आवासों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
“प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत सत्यापन और जियो टैगिंग का कार्य तेजी से पूरा किया जाए। धारणाधिकार के अभाव में आवेदन अस्वीकृत किए जाएं।” — कलेक्टर भव्या मित्तल
कलेक्टर मित्तल ने कहा कि नल जल कर वसूली मांग की 65 प्रतिशत तक पहुंचाई जाए और कर्मचारियों को इसके लिए स्पष्ट लक्ष्य दिए जाएं।
उन्होंने खरगोन नगर पालिका के कम प्रेशर से प्रभावित 945 मकानों में से कम से कम आधे में एक माह के भीतर समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
📞 7772828778 | 7723024600
सीएम हेल्पलाइन और समाधान ऑनलाइन की समीक्षा
बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने खरगोन और बड़वाह की 50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों पर असंतोष जताया और निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
“नगर पालिका के प्रतिनिधि जनसुनवाई में उपस्थित रहें, ताकि शिकायतें कम हो सकें।” — कलेक्टर मित्तल
कलेक्टर ने ‘सड़क मरम्मत एवं सुधार’ विषय की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए नगरीय निकायों को कार्य प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।
सीवरेज और जल प्रदाय परियोजनाओं की स्थिति पर चर्चा
कलेक्टर मित्तल ने एमपीयूडीसी द्वारा संचालित सीवरेज और जल प्रदाय परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने मंडलेश्वर सीवरेज और कसरावद जल प्रदाय परियोजनाओं में असंतोषजनक प्रगति पर कॉन्ट्रैक्टर्स के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।












