भोपाल/खरगोन, 21 अगस्त 2025।
नीति आयोग द्वारा जुलाई से सितंबर 2024 तक संचालित संपूर्णता अभियान के तहत खरगोन जिले के झिरन्या ब्लॉक ने अनुकरणीय प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया है। यह उपलब्धि ‘स्वास्थ्य और पोषण’, ‘कृषि एवं संबद्ध सेवाएं’, और ‘सामाजिक विकास’ जैसे प्रमुख क्षेत्रों में 4 संकेतकों की संतृप्ति के आधार पर प्राप्त हुई।
राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खरगोन जिले सहित अन्य उत्कृष्ट जिलों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी और प्रदेश के कई मंत्रीगण भी उपस्थित रहे।
झिरन्या ब्लॉक की उपलब्धि को मिला मंच
झिरन्या ब्लॉक द्वारा नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत किए गए कार्यों की मुख्यमंत्री और नीति आयोग के अधिकारियों द्वारा विशेष सराहना की गई। कार्यक्रम में तत्कालीन कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा के नेतृत्व में जिले द्वारा किए गए कार्यों को आदर्श मॉडल बताया गया।
सम्मानित अधिकारीगण
मुख्यमंत्री ने मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर निम्न अधिकारियों को सम्मानित किया:
तत्कालीन कलेक्टर, श्री कर्मवीर शर्मा
सीईओ जिला पंचायत खरगोन, श्री आकाश सिंह
तत्कालीन सीईओ जनपद पंचायत भगवानपुरा, श्री पवन कुमार शाह
सीईओ जनपद पंचायत झिरन्या, श्री महेंद्र श्रीवास्तव
तकनीकी सहायक, जिला पंचायत खरगोन, श्री नीरज अमझरे
मुख्यमंत्री का संदेश: “सरकार सदैव अच्छे कामों के साथ”
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा,
“अगर अधिकारी और कर्मचारी अच्छा कार्य करेंगे, तो सरकार हमेशा उनके साथ खड़ी है। हमारा लक्ष्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है।”
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में बीते एक वर्ष में 7.30 लाख हेक्टेयर सिंचाई क्षेत्र में वृद्धि की गई है, जो विकास की दिशा में बड़ा कदम है। डॉ. यादव ने नीति आयोग की प्रशंसा करते हुए कहा कि आयोग द्वारा तैयार योजनाएं स्थानीय विकास को प्राथमिकता दे रही हैं।
सम्मान से बढ़ा जिला गौरव
इस अभियान में प्रदेश के आठ जिलों को गोल्ड मेडल, अन्य जिलों को सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किए गए। खरगोन जिले को पांच मेडल और प्रशस्ति पत्र मिलने से न केवल जिले का गौरव बढ़ा है, बल्कि प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार भी हुआ है।












