गांव मर्दान हेड़ी में ‘लोहड़ी बेटी के नाम’ कार्यक्रम, एक वर्ष से कम आयु की बच्चियों की पहली लोहड़ी मनाई गई
करनाल। राजेंद्र करनाल | The India Speaks
गांव मर्दान हेड़ी में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजते हुए ‘लोहड़ी बेटी के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एक वर्ष से कम आयु की बच्चियों की पहली लोहड़ी हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में असंध विधायक योगेन्द्र राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर असंध मार्केट कमेटी चेयरमैन प्रवीण राणा और महिला थाना असंध से सुदेश मौजूद रहीं।
कार्यक्रम आयोजक कुलदीप सिंह मल्ली द्वारा विधायक योगेन्द्र राणा का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
“हर क्षेत्र में बेटियां सफलता का परचम लहरा रही हैं”
विधायक योगेन्द्र राणा ने अपने संबोधन में कहा—
“आज के समय में बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। शिक्षा, खेल, प्रशासन, राजनीति और विज्ञान हर क्षेत्र में बेटियां सफलता का परचम लहरा रही हैं।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2015 में पानीपत से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की थी, जिसके सकारात्मक परिणाम आज समाज के सामने स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। सरकार द्वारा बेटियों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ बेटियों और उनके परिवारों को मिल रहा है।
विधायक ने सभी उपस्थित लोगों को लोहड़ी पर्व की शुभकामनाएं दीं तथा एक वर्ष से कम आयु की बच्चियों के माता-पिता को उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक पर्व समाज को जोड़ने का माध्यम: सरपंच कुलदीप मल्ली
सरपंच कुलदीप मल्ली ने कहा कि समाज को संवारने में बेटियों का योगदान हमेशा सराहनीय रहा है। उन्होंने कहा—
“ऐसे सांस्कृतिक पर्व हमारी धरोहर हैं, जो नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और उत्साह का संचार करते हैं।”
इस अवसर पर असंध मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन राम अवतार जिंदल, राजेंद्र सिंह रोकी मट्टू, दिलबाग मूंड, अनित चोपड़ा, जगतार सिंह नंबरदार, अंग्रेज सिंह पंच, अमित कुमार पंच, अमृत पंच, आशा वर्कर करिश्मा, गुरदीप कौर, गुरविंदर सिंह भिंडर, पूर्व सरपंच सतनाम सिंह, वीरेंद्र सिंह, हरमन सिंह, गुरबाज सिंह, मलूक सिंह मल्ली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।












