पर्यटन विभाग ने 6.3 करोड़ की लागत से बनाया शानदार शो, 22 नवंबर को निमाड़ उत्सव के शुभारंभ पर होगा लोकार्पण
महेश्वर। The India Speaks Desk
महेश्वर के ऐतिहासिक अहिल्या घाट पर पर्यटन विभाग द्वारा तैयार किया गया अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनने जा रहा है। इस हाई-टेक शो का लोकार्पण 22 नवंबर को निमाड़ उत्सव 2025 के शुभारंभ अवसर पर किया जाएगा।
इस शो को 632.74 लाख रुपये की लागत से पर्यटन विभाग ने मैसर्स मैजिकल थिएटर, दिल्ली के माध्यम से तैयार कराया है। यह फर्म आगामी पांच वर्षों तक शो का संचालन और संधारण भी करेगी।
महेश्वर के गौरवशाली इतिहास की झलक 3D तकनीक से
शो में महेश्वर की सांस्कृतिक गरिमा, अहिल्या देवी का समृद्ध इतिहास और मां नर्मदा की गाथा को 3D प्रोजेक्शन मैपिंग, मूविंग हेड, लेज़र लाइट्स और अत्याधुनिक साउंड सिस्टम के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
यह देश का पहला लाइट एंड साउंड शो है जिसमें हाइड्रोलिक टावर स्थापित किया गया है—जो प्रस्तुति को और भी भव्य बनाता है।
शोध, लेखन और आवाज़—सभी में श्रेष्ठ प्रतिभाओं का योगदान
शो के सूत्रधार के रूप में दूरदर्शन के वरिष्ठ समाचार वाचक श्री जितेंद्र रामप्रकाश अपनी आवाज़ देंगे।
संगीत की रचना श्री अमित किल्लम ने की है, जो इंडियन ओशियन बैंड के ड्रमर, वोकलिस्ट और मल्टी-इंस्ट्रुमेंटलिस्ट हैं। वे कई हिंदी फिल्मों में भी संगीत दे चुके हैं।












