खरगोन, 06 जनवरी 2026।
खरगोन की ग्राम पंचायत मांगरूल बुजुर्ग में जल जनित रोगों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से 06 जनवरी को सांध्यकालीन चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल के दौरान विकासखंड समन्वयक श्री अमित गुर्जर एवं रसायनज्ञ श्री लोकेन्द्र शर्मा ने ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के महत्व, जल जनित बीमारियों से बचाव के उपायों एवं आवश्यक सतर्कताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दूषित पानी के सेवन से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छता और नियमित जांच अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान रसायनज्ञ श्री लोकेन्द्र शर्मा द्वारा जल परीक्षण किट के माध्यम से ग्राम के पेयजल की जांच की गई, जिसमें पानी शुद्ध पाया गया। इससे ग्रामीणों को राहत मिली।चौपाल के पश्चात् मुख्य पेयजल स्रोत के आसपास जनसहयोग से साफ-सफाई अभियान चलाया गया, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के प्रदूषण की संभावना न रहे।चौपाल में ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने प्रश्न और सुझाव रखे। ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार की चौपालों से जागरूकता बढ़ती है और लोग जल स्वच्छता को लेकर अधिक सजग होते हैं। साथ ही ग्रामीणों ने जानकारी दी कि ग्राम में पाइपलाइन निरीक्षण के दौरान कहीं भी लीकेज नहीं पाया गया।












