एसपी से मुलाकात कर जांच तेज करने और पासपोर्ट निरस्त करने की मांग
खरगोन। The India Speaks Desk
कुंभ मेले में माला बेचते हुए वायरल हुई महेश्वर की मोनालिसा का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। केरल निवासी फरमान खान से विवाह के बाद जहां एक ओर परिवार गहरे सदमे में है, वहीं अब इस पूरे घटनाक्रम ने सुरक्षा और वैधानिकता को लेकर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिवार द्वारा बेटी को बहला-फुसलाकर विवाह करने और उसे विदेश भेजने की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराने के बाद अब जनप्रतिनिधि भी सक्रिय हो गए हैं।
विधायकों और भाजपा जिलाध्यक्ष ने एसपी से की मुलाकात
गुरुवार को महेश्वर विधायक राजकुमार मेव, बड़वाह विधायक सचिन बिरला और भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती नंदा ब्राह्मणे ने पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा से मुलाकात की। जनप्रतिनिधियों ने परिवार की शिकायत के आधार पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच तेज करने की मांग की।
“नाबालिग होने का दावा, लालच देकर ले जाया गया”
“परिवार के अनुसार मोनालिसा नाबालिग है। फरमान खान उसे फिल्मों में काम दिलाने का झांसा देकर केरल ले गया और वहां दबाव बनाकर शादी की गई। बिना परिवार की सहमति नाबालिग से विवाह पूरी तरह गैरकानूनी है।”
विधायक राजकुमार मेव ने कहा कि यह एक गरीब परिवार की बेटी का मामला है और परिवार बेहद चिंतित है। उन्होंने प्रशासन से युवती को जल्द परिवार से मिलाने की मांग की।
लव जिहाद और विदेश भेजने की आशंका पर चिंता
जनप्रतिनिधियों ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि यह घटनाक्रम “लव जिहाद” जैसी गतिविधियों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
उन्होंने यह भी आशंका जताई कि मोनालिसा को सीरिया भेजने की तैयारी की जा रही है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद चिंताजनक है।
पासपोर्ट रद्द करने और फर्जी दस्तावेजों की जांच की मांग
विधायक मेव, सचिन बिरला और जिलाध्यक्ष ब्राह्मणे ने प्रशासन से मांग की कि:
मोनालिसा का पासपोर्ट तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए
पासपोर्ट बनवाने में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की जांच हो
इसमें शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए
धार्मिक प्रक्रिया और वैधता पर भी उठे सवाल
“हम किसी दूसरे धर्म में शादी के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इस मामले में न तो धर्म परिवर्तन हुआ और न ही वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई। मंदिर में गैर-हिंदू द्वारा शादी करना भी धार्मिक भावनाओं के खिलाफ है।”
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस विवाह में शामिल लोगों और अनुमति देने वालों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
एसपी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पुख्ता साक्ष्य और दस्तावेज जुटाने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पूर्व विधायक आत्माराम पटेल, महामंत्री विवेक भटोरे, हरिसिंह चावड़ा, प्रकाश पाटीदार और विजय पटेल सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।












