अहिल्याघाट पर राज्यपाल ने किया लाइट एंड साउंड शो का अवलोकन
महेश्वर। खरगोन। The India Speaks Desk
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने खरगोन प्रवास के दौरान महेश्वर के ऐतिहासिक अहिल्या घाट पर विधि विधान से मां भगवती नर्मदाष्टक आरती की और मां नर्मदा को पुष्पांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने मां नर्मदा से प्रदेश की जनता की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अलका गजराज, कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री आकाश सिंह सहित उपस्थित अधिकारियों और श्रद्धालुओं ने राज्यपाल के साथ मिलकर मां नर्मदा की आरती की, जिससे अहिल्या घाट ‘नमामि देवी नर्मदे’ और अन्य पवित्र भजनों के स्वर से गूंज उठा।
राज्यपाल श्री पटेल ने अहिल्याघाट पर प्रतिदिन आयोजित होने वाले लाइट एंड साउंड शो का भी अवलोकन किया, जिसका लोकार्पण गत माह निमाड़ उत्सव के दौरान किया गया है।
श्री पटेल ने कहा:
“अहिल्या घाट पर यह लाइट एंड साउंड शो महेश्वर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है। यह सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अत्यंत आकर्षक अनुभव है।”
अत्याधुनिक 3D प्रोजेक्शन मैपिंग, मूविंग हेड और लेजर लाइट तथा आधुनिक साउण्ड सिस्टम के उपयोग से शो में महेश्वर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक वैभव, मां नर्मदा के उद्गम की कहानी और लोकमाता देवी अहिल्या के गौरवशाली इतिहास का वर्णन किया जाता है। इस दौरान विधायक श्री राजकुमार मेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।












