राज्य सरकार की योजना के तहत शासकीय खर्च पर हुआ विशेष शैक्षणिक दौरा
बड़वाह। The India Speaks Desk
राज्य सरकार द्वारा सांदीपनि विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लागू की गई योजना के अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं ने गुजरात का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण 8 दिसंबर से 15 दिसंबर तक आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश के सभी 270 सांदीपनि विद्यालयों से कुल 546 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शासकीय खर्च पर देश के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव कराना एवं वहां से प्राप्त जानकारी को साझा करना रहा।
सांदीपनि विद्यालय बड़वाह की प्राचार्य हंसा कानूड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025 की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यालय के प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों का चयन इस भ्रमण के लिए किया गया। पूरा भ्रमण लोक शिक्षण संचालय, मध्य प्रदेश की देखरेख में शासकीय खर्च पर संपन्न हुआ।
भ्रमण दल के रुकने, यात्रा एवं विभिन्न स्थलों के भ्रमण की समस्त व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी टूरिज्म कॉर्पोरेशन को सौंपी गई थी। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों के लिए सुबह का नाश्ता, लंच एवं डिनर की भी समुचित व्यवस्था की गई।
📞 7772828778 | 7723024600
बड़वाह कन्या शाला की छात्राओं ने बढ़ाया गौरव
इस शैक्षणिक भ्रमण में बड़वाह कन्या शाला से स्वाति सुमेर कड़ोले (90 प्रतिशत) एवं खुशी दिनेश यादव (88 प्रतिशत) का चयन हुआ। दोनों छात्राओं ने भ्रमण के दौरान देखे गए प्रमुख स्थलों एवं प्राप्त अनुभवों को अन्य छात्राओं के साथ साझा किया, जिससे विद्यालय में सीखने का वातावरण और अधिक समृद्ध हुआ।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्राचार्य श्रीमती हंसा कानूड़े, उप प्राचार्य श्री निर्मल चौधरी, श्री विशाल सिंह चौहान, श्री अनुप अत्रे, श्री नागभूषण शर्मा, श्री सतविंदर सिंह भाटिया, श्री डी.एस. चौहान, राधिका बिरला, बलिराम पटेल सहित अन्य शिक्षक साथियों ने दोनों छात्राओं को बधाई दी और भविष्य में सभी विद्यार्थियों से परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की।












