12 दिवसीय आयोजनों का श्रद्धा, कीर्तन और लंगर के साथ हुआ भव्य समापन
बड़वाह। The India Speaks Desk
सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 359वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर बड़वाह की सिख संगत द्वारा 12 दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इसी कड़ी में बड़वाह स्थित गुरुद्वारा साहेब में विशेष दीवान सजाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत पिछले दो दिनों से चल रहे श्री अखंड पाठ साहेब के विधिवत समापन के साथ हुई। इसके पश्चात स्थानीय भाई बुध सिंह एवं भाई रिक्की सिंह के जत्थे ने मधुर कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया।
इंदौर से पधारे जत्थे ने किया गुरु जस का गायन
विशेष दीवान में इंदौर से पधारे भाई अमनदीप सिंह जी के जत्थे ने
“वाहों वाहों गुरु गोबिंद सिंह आपे गुरु चेला”
“इन पुतरन के शीश पे वार दिए पुत चार”
जैसे शबदों के माध्यम से कीर्तन एवं कथा-व्याख्या कर गुरु साहिब के बलिदान और जीवन मूल्यों का भावपूर्ण वर्णन किया।
समाज के वरिष्ठजनों सरदार सुरजीत सिंह, सरदार गुरबक्श सिंह एवं सरदार अमोलक सिंह द्वारा पधारे जत्थे का सिरोपा भेंट कर सम्मान किया गया।
📞 7772828778 | 7723024600
गुरुद्वारा समिति के अध्यक्ष सरदार रविंदर सिंह भाटिया ने बताया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित 12 दिवसीय कार्यक्रमों में संगत ने तन, मन और धन से सहयोग किया।
वहीं, सचिवद्वय मनप्रीत सिंह एवं सतविंदर सिंह ने जत्थे एवं पधारी हुई संगत का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।
समिति अध्यक्ष ने जानकारी दी कि कार्यक्रमों का रात में विधिवत समापन होगा। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं श्रद्धालुओं ने लंगर प्रसाद ग्रहण किया।
अंत में आतिशबाजी एवं मिष्ठान वितरण के साथ प्रकाश पर्व समारोह का समापन किया जाएगा।












