जॉब सिक्योरिटी पोर्टल को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश, 15–16 जनवरी को पंचकूला में प्रदर्शन की चेतावनी
सोनीपत। राजेंद्र करनाल | The India Speaks
हुड्डा जन स्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन नंबर 1266 और हरियाणा कौशल रोजगार निगम कर्मचारी मंच की संयुक्त बैठक सोमवार को एचएसवीपी परिसर सेक्टर-15 स्थित यूनियन कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महावीर सिंह नागर ने की, जबकि संचालन राकेश कुमार योगी (R.G.E.C) ने किया।
बैठक में कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत कर्मचारियों और हुड्डा के रेगुलर कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं पर गंभीर मंथन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच के प्रदेश महासचिव आर.के. नागर ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा 25 दिसंबर को कौशल रोजगार निगम कर्मचारियों की जॉब सिक्योरिटी के लिए पोर्टल लॉन्च किया गया है। इसके तहत कर्मचारियों को नया रिकॉर्ड अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें ठेकेदार, नियुक्ति अधिकारी और वर्तमान डीडीओ से सत्यापन अनिवार्य किया गया है।
आर.के. नागर ने कहा कि यह प्रक्रिया कर्मचारियों के शोषण और उत्पीड़न के समान है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
9 जनवरी को ज्ञापन, सड़कों पर उतरेंगे कर्मचारी
बैठक में निर्णय लिया गया कि 9 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे पंचायत भवन से जुलूस निकालकर उपायुक्त सोनीपत के माध्यम से मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन की मुख्य मांगो में पुराने रिकॉर्ड को मान्य कर पोर्टल पर अपलोड करने, एचएसवीपी में भ्रष्टाचार के मामलों की तुरंत जांच,पंचकूला एचएसवीपी के कर्मचारियों का रोका गया तीन माह का वेतन, कल्पना चावला गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी लेटर, रेगुलर कर्मचारियों के लंबित एट-पार केस व 15–20 वर्षों से कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को कौशल रोजगार निगम में शामिल किये जाने संबंधित मांगे शामिल हैं।
उक्त बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो 15 व 16 जनवरी को एचएसवीपी मुख्यालय सेक्टर-6 पंचकूला में हरियाणा सरकार, एचआरडी, एचएसवीपी और कौशल रोजगार निगम के खिलाफ रोष प्रदर्शन और नारेबाजी की जाएगी।
बैठक में टीनू मदान, बिजेंदर रिवाल, समेश कुमार, समय सिंह, सुरेश रोहिल्ला, ध्रुव कुमार, राकेश योगी, जितेंद्र सिंह, शुभम, महावीर नागर, सुनील चौहान, सोहनलाल, मुकेश, शमशेर सिंह, अनिल कुमार, राकेश चावरिया, जोगेंद्र, ओमप्रकाश, योगेश नागर, राजकुमार, सुरेंद्र सहित अनेक कर्मचारी नेता मौजूद रहे।












