मोमोस में मिलाया जा रहा था अजिनोमोटो, बिना अनुज्ञप्ति चल रही फैक्ट्री को किया गया सील
इंदौर। The India Speaks Desk
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा हाल ही में इंदौर में फूड एंड ड्रग लैब के उद्घाटन अवसर पर मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उन्हीं निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार, 4 नवंबर 2025 को कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की।
इस कार्रवाई के तहत खातीपुरा स्थित चिंटू मोमोज फैक्ट्री पर औचक निरीक्षण किया गया, जो शहर में विभिन्न फास्ट फूड संचालकों को मोमोस सप्लाई करती थी।
निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी पाई गई और कच्चे माल का भंडारण अनुचित तरीके से किया गया था। साथ ही, अजिनोमोटो (MSG) का संग्रहण भी पाया गया।
मौके पर उपस्थित प्रभारी वर्षा खराटे ने बताया कि “अजिनोमोटो मोमोस में मिलाया जा रहा था।”
टीम ने परिसर से 4 प्रकार के मोमोस, तंदूरी मसाला, अजिनोमोटो, चीज़ सहित 7 नमूने लिए और करीब 150 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किया गया।
📞 7772828778 | 7723024600
“छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए यह पदार्थ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है,” अधिकारियों ने बताया।
बिना वैध अनुज्ञप्ति के उत्पादन और गंभीर स्वास्थ्य जोखिम को देखते हुए प्रशासन ने फैक्ट्री को आगामी आदेश तक बंद करने के निर्देश दिए।
अन्य रेस्टोरेंट्स पर भी कार्रवाई, नमूने लिए गए
इसी दौरान एक अन्य टीम ने तहसीलदार श्री योगेश मेश्राम के साथ मिलकर कई रेस्टोरेंट्स में भी सैंपलिंग की कार्रवाई की।
पपाया ट्री रेस्टोरेंट (बायपास) से पनीर और चना दाल के नमूने लिए गए।
जुरू रेस्टोरेंट (बायपास) से पनीर, पनीर लबाबदार और सेवइयां के नमूने लिए गए।
राउ स्थित UWC Food Pvt. Ltd. से चिप्स और आलू पाउडर के नमूने लिए गए।
सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि,
“नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”












