वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार और भ्रष्टाचार के आरोप पर अधिवक्ता समुदाय में उबाल
इन्द्री। राजेंद्र कैम | The India Speaks
इन्द्री में तहसीलदार द्वारा कथित दुर्व्यवहार और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अधिवक्ता समुदाय में भारी रोष व्याप्त है। पूर्व अध्यक्ष, बार काउंसिल पंजाब एवं हरियाणा चंडीगढ़ और ‘हरियाणा बनाओ अभियान’ के संयोजक रणधीर सिंह बधरान एडवोकेट ने तहसीलदार के तत्काल निलंबन और तबादले की मांग की है।
अधिवक्ताओं के अनुसार तहसीलदार ने वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बार एसोसिएशन इन्द्री के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह के साथ दुर्व्यवहार किया और भ्रष्टाचारपूर्ण गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। इस घटना के बाद पूरे हरियाणा के अधिवक्ताओं में जबरदस्त आक्रोश है।
“तहसीलदार के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। यदि तीन दिनों में कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर निलंबन और तबादले की मांग करेगा।”
— रणधीर सिंह बधरान, एडवोकेट
रणधीर सिंह बधरान ने बताया कि इस गंभीर मामले पर कल हरियाणा के सभी अधिवक्ता संगठनों की आपात बैठक बुलाई गई है, जिसमें आंदोलन की आगे की रणनीति तय होगी।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समुदाय तहसीलदार के खिलाफ मामला दर्ज करने, गिरफ्तारी, निलंबन और तबादले की मांग पर अडिग है।
बार एसोसिएशन ने पारित किया कार्य बहिष्कार का प्रस्ताव
इस बीच, उपमंडल बार एसोसिएशन इन्द्री ने इस घटना के विरोध में कार्य बहिष्कार का प्रस्ताव पारित कर दिया है और न्यायिक कार्य से दूरी बना ली है।
बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यह विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक प्रशासन कार्रवाई नहीं करता।
रणधीर सिंह बधरान ने कहा कि यदि प्रशासन ने तुरंत संज्ञान नहीं लिया तो यह विरोध राज्यव्यापी आंदोलन का रूप ले सकता है।
उन्होंने कहा कि कल पूरे हरियाणा से अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल सभी बार एसोसिएशनों के साथ बैठक कर आगे की कार्रवाई तय करेगा।
📞 7772828778 | 7723024600












