कोलायत दर्शन से लौट रहे श्रद्धालु टेम्पो ट्रैवलर में सवार थे
जोधपुर। सत्यनारायण शर्मा | The India Speaks
राजस्थान के जोधपुर जिले के फलोदी उपखंड के मतोड़ा क्षेत्र में रविवार, 2 नवंबर 2025 की शाम करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह हादसा भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर हनुमान सागर चौराहे के पास हुआ, जिसमें 15 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, सभी यात्री जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र के निवासी थे। वे बीकानेर के कोलायत मंदिर के दर्शन करके लौट रहे थे और टेम्पो ट्रैवलर वाहन में सवार थे। जब वे फलोदी के पास पहुंचे, तो उनका वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रक/ट्रेलर से तेज रफ्तार में टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कई लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में रैफर किया गया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों से संपर्क कर शवों की पहचान प्रक्रिया शुरू की है।












