19–21 दिसंबर को सिरसा में होने वाले त्रिवार्षिक राज्य सम्मेलन के लिए डेलीगेट किए गए तय
करनाल। राजेन्द्र कैम | The India Speaks
सर्व कर्मचारी संघ जिला कमेटी करनाल की कैबिनेट बैठक हुड्डा विभाग स्थित सर्व कर्मचारी संघ कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता नवनियुक्त जिला प्रधान सुशील गुर्जर सिरसी ने की, जबकि संचालन सेवाराम बड़सार द्वारा किया गया।
बैठक में 19, 20 और 21 दिसंबर को सिरसा में आयोजित होने वाले सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के त्रिवार्षिक राज्य सम्मेलन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान राज्य सम्मेलन में भाग लेने वाले डेलीगेट्स का चयन, संगठनात्मक स्थिति और मौजूदा हालात पर मंथन किया गया।
जिला प्रधान सुशील गुर्जर सिरसी ने कहा कि इस बार सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा का त्रिवार्षिक सम्मेलन सिरसा में आयोजित हो रहा है, जिसमें पिछले तीन वर्षों के कार्यकाल की समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में आगामी तीन वर्षों के लिए नए पदाधिकारियों का चयन भी किया जाएगा।
सुशील गुर्जर ने कहा कि ट्रेड यूनियन एक्ट 1926 के तहत कर्मचारियों को अपने संगठन के बैनर तले सरकार और प्रबंधन के समक्ष मांगें रखने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 और 2020 में कोरोना काल के दौरान भाजपा सरकार ने 44 श्रम कानूनों को समाप्त कर चार लेबर कोड लागू किए, जिसका सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा सहित पूरे देश की ट्रेड यूनियनें विरोध कर रही हैं।
“नए लेबर कोड लागू होने से मजदूर वर्ग, कर्मचारी और आम जनता पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।”
करनाल जिला निभाएगा अग्रणी भूमिका : सेवाराम बड़सार
बैठक को संबोधित करते हुए सेवाराम बड़सार ने कहा कि सर्व कर्मचारी संघ जिला करनाल की ओर से राज्य सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पूर्ण तैयारियां कर ली गई हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सम्मेलन में जो भी आंदोलनात्मक रूपरेखा तय की जाएगी, उसमें करनाल जिला बढ़-चढ़कर भाग लेगा।
इस अवसर पर राज्य स्तर के नेता शारदा, राजपाल मोला, विजय शर्मा, अशोक, रमेश, संजीव राणा, बहादुर सिंह, अंकित, राजेश, रामकुमार, कश्यप, कपिल, सरोज, मीना, कुसुम सहित जिला कमेटी एवं ब्लॉक कमेटी के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।












