हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच के बैनर तले सोनीपत में निकाला गया रोष जुलूस
सोनीपत। राजेंद्र करनाल | The India Speaks
हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच के आह्वान पर शुक्रवार को हुड्डा जन स्वास्थ्य कर्मचारी यूनियन नंबर 1266 एवं हरियाणा कौशल रोजगार निगम कर्मचारी मंच से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोनीपत में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कर्मचारी पंचायत भवन में एकत्र हुए, जहां पहले सभा आयोजित की गई और फिर शहर में रोष जुलूस निकालते हुए उपायुक्त कार्यालय तक मार्च किया गया।
सभा की अध्यक्षता यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष आर.के. नागर ने की, जबकि संचालन प्रदेश कोषाध्यक्ष महावीर सिंह नागर ने किया। कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं पर गहन चर्चा के बाद माननीय मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन और नोटिस तैयार किया।
पंचायत भवन से डीसी कार्यालय तक निकाला गया जुलूस
सभा के उपरांत कर्मचारियों ने पंचायत भवन से सर छोटू राम चौक, शहर के विभिन्न मार्गों और पुलिस लाइन के सामने से होते हुए डीसी कार्यालय तक रोष जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।
डीसी की अनुपस्थिति में उनकी ओर से ज्ञापन लेने पहुंची श्रीमती कीर्ति, तहसीलदार सोनीपत को माननीय मुख्यमंत्री एवं मुख्य प्रशासक एचएसवीपी पंचकूला के नाम ज्ञापन व नोटिस सौंपा गया।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
आर.के. नागर एवं महावीर सिंह नागर ने बताया कि ज्ञापन में कर्मचारियों की कई गंभीर मांगें शामिल की गई हैं—
वर्ष 2022 में हरियाणा कौशल रोजगार निगम में समायोजित कर्मचारियों के रिकॉर्ड को वर्तमान DDO से ही वेरीफाई कर पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
30 अक्टूबर 2025 को एचएसवीपी अधिकारियों के साथ हुई वार्ता की प्रोसीडिंग और मानी गई मांगों के लेटर तुरंत जारी किए जाएं।
एचएसवीपी बागवानी मंडल रोहतक, उपमंडल सोनीपत व पानीपत तथा पंचकूला डिवीजन नंबर-1 में हुए कथित भ्रष्टाचार, अवैध कटाई और टेंडर घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
सभी कौशल रोजगार निगम, एचएसवीपी एवं कल्पना चावला गवर्नमेंट कॉलेज करनाल सहित अन्य कर्मचारियों की अप्रूवल शीघ्र दी जाए और रोका गया वेतन तुरंत जारी किया जाए।
जूनियर कर्मचारियों से कम वेतन पाने वाले रेगुलर कर्मचारियों का वेतन एट-पार किया जाए।
12 से 15 वर्ष पुराने ठेकेदारी कर्मचारियों को भी हरियाणा कौशल रोजगार निगम पोर्टल पर शामिल किया जाए।
हरियाणा में ठेकेदारी प्रथा को पूरी तरह समाप्त किया जाए।
पोर्टल पर अपलोड के लिए मांगे जा रहे अत्यधिक दस्तावेजों को कम कर केवल आवश्यक दस्तावेज ही अनिवार्य किए जाएं।
इस प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने में ध्रुव कुमार, सुरेश रोहिल्ला, बिजेंदर रिवाल, राज सिंह शर्मा, अनिल चौहान, सुरेंद्र रंगा, राजकुमार, विजेंद्र शर्मा, टीनू मदान, समेश कुमार, राकेश योगी, जितेंद्र सिंह, सतीश शर्मा, पुष्पेंद्र शर्मा, अरुण कुमार, जीवनलाल, योग प्रकाश नागर, समे सिंह, जगबीर, अश्वनी शर्मा, ओम प्रकाश, शमशेर सिंह, राकेश चावरिया, जोगेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार, सोहनलाल, प्रदीप सिंह, रघुनाथ कल्लू, बंसीलाल, अनिल कुमार, अमित कुमार, संजीव कुमार, बसंत कुमार सहित अनेक कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
📞 7772828778 | 7723024600












