प्रखर राजस्थान 2.0 के तहत विद्यार्थियों की प्रगति पर चर्चा, अभिभावकों से लिए गए सुझाव
खण्डार (सवाई माधोपुर)। सत्यनारायण शर्मा | The India Speaks
राज्य सरकार एवं शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, बहरावंडा खुर्द में मेगा अभिभावक-शिक्षक बैठक (Mega PTM) का आयोजन 31 अक्टूबर 2025 को विद्यालय परिसर में किया गया। बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षिक और सहशैक्षिक प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों की प्रखर राजस्थान 2.0 योजना के अंतर्गत शैक्षणिक प्रदर्शन और विभिन्न गतिविधियों में उनकी भागीदारी की जानकारी अभिभावकों को दी गई। साथ ही, बच्चों के समग्र विकास में माता-पिता की भूमिका और सुझावों को भी प्रमुखता से सुना गया।
“यह पहल शिक्षा को गुणवत्ता पूर्ण बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है, जिसमें अभिभावकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।”
— रीना मीणा, कार्यवाहक प्रधानाचार्य
कार्यक्रम का संचालन प्रभारी नरेंद्र मीणा ने किया। बैठक में विद्यालय का संपूर्ण स्टाफ एवं सभी अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में विद्यालय की प्रगति और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सहयोग देने का संकल्प लिया।












