वादाखिलाफी से नाराज़ गुर्जर समाज ने सामूहिक बैठक में लिया बड़ा फैसला
सवाईमाधोपुर। सत्यनारायण शर्मा | The India Speaks
राजस्थान के सवाईमाधोपुर जिले की खण्डार विधानसभा सीट से विधायक जितेंद्र गोठवाल पर गुर्जर समाज भड़क उठा है। समाज ने विधायक की कथित वादाखिलाफी के चलते उनका सामूहिक बहिष्कार करने का ऐलान किया है।
यह निर्णय 16 अक्टूबर 2025 को जतीधाम कुशालीपुरा में आयोजित गुर्जर समाज की सामूहिक बैठक में लिया गया।
गुर्जर समाज ने लगाया वादाखिलाफी का आरोप
गुर्जर समाज का कहना है कि विधायक जितेंद्र गोठवाल ने चुनावी प्रचार के दौरान गुर्जर समाज के गांवों में यह वादा किया था कि
यदि समाज उन्हें वोट देगा, तो चुनाव जीतने के एक महीने के भीतर गुर्जर आरक्षण आंदोलन में मारे गए समाज के तीन शहीदों —
कन्हैयालाल गुर्जर (छाण), राधेश्याम गुर्जर (दुमोद) और आरक्षण आंदोलन के पुरोधा स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला — की प्रतिमाएं कुशालीदर्रा तिराहे पर स्थापित करवाई जाएंगी।
“विधायक गोठवाल ने गुर्जर समाज से जो वादा किया था, उसे निभाया नहीं। इसलिए आज से समाज ने उनका पूर्ण बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।”
— रंग लाल गुर्जर, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष, देवसेना गुर्जर समाज
विधायक के प्रवेश पर भी रोक
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि अब से गुर्जर समाज का कोई भी व्यक्ति विधायक जितेंद्र गोठवाल से मुलाकात नहीं करेगा,
और विधायक को किसी भी गुर्जर बहुल गांव में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
बैठक में जिलेभर से बड़ी संख्या में गुर्जर समाज के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।












