सूरवाल बांध में नाव पलटी, कई लोगों की मौत की आशंका; लख्खी मेले पर संकट
सवाईमाधोपुर। सत्यनारायण शर्मा | The India Speaks
राजस्थान के सवाईमाधोपुर जिले में गुरुवार रात से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने हालात बेहद गंभीर बना दिए हैं। भारी वर्षा के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है और कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। लोगों के घरों में पानी भर गया है और सड़कें जलमग्न हो चुकी हैं।
नाव पलटी, कई लोग लापता
सूरवाल बांध क्षेत्र में एक नाव के पलटने की खबर है, जिसमें कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है, लेकिन लगातार बारिश के चलते मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
मेले की तैयारियां ठप, प्रशासन की अपील
📞 7772828778 | 7723024600
रणथंभौर दुर्ग स्थित त्रिनेत्र गणेश जी का लख्खी मेला दो दिन बाद प्रारंभ होने वाला था, लेकिन भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात के कारण मेले की कोई तैयारी नहीं हो पाई है। प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
विधायक मैदान में, संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खण्डार विधायक जितेंद्र गौठवाल ने खण्डार क्षेत्र में मोर्चा संभाल रखा है, वहीं सवाईमाधोपुर विधायक डॉ. किरोड़ी लाल मीणा हेलीकॉप्टर से बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा ले रहे हैं।
इधर, नेशनल हाईवे-552 पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे पूर्वी राजस्थान का मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। भारी जलभराव के चलते वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है।












