कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देश पर चल रहा फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ अभियान, नागरिकों से अपील — “केवल पंजीकृत चिकित्सकों से ही करवाएं इलाज”
खंडवा। The India Speaks Desk
कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के निर्देशन में खंडवा जिले में अपंजीकृत चिकित्सकों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को जिले के विभिन्न ब्लॉकों में 5 क्लीनिकों को सील किया गया, जबकि एक पंजीकृत चिकित्सक को एलोपैथिक दवाइयों के दुरुपयोग पर नोटिस जारी किया गया है।
अमलपुरा में एलोपैथिक दवाओं का उपयोग, क्लीनिक सील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत ने बताया कि अभियान के तहत मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.के. सेठिया और तहसीलदार श्री महादेव राठौर की टीम ने ग्राम अमलपुरा में कार्रवाई की।
यहां बी.ई.एम.एस. डॉक्टर गोविंद कुमार राय को एलोपैथिक दवाइयों का उपयोग करते पाया गया, जिसके चलते उनका क्लीनिक तुरंत सील कर दिया गया।
छैगांवमाखन और अत्तर में कार्रवाई
इसी तरह छैगांवमाखन ब्लॉक में बी.एम.ओ. डॉ. योगेश सोनी और नायब तहसीलदार शीतल रणदा ने ग्राम बरूड में बी.ई.एम.एस. श्री मुकेश गुप्ता की क्लीनिक में एलोपैथिक दवाइयां मिलने पर सील की कार्रवाई की।
वहीं ग्राम अत्तर में अपंजीकृत चिकित्सक श्री विश्वास की क्लीनिक भी सील की गई।
खालवा ब्लॉक में दो क्लीनिकों पर ताला
खालवा ब्लॉक के ग्राम पाडल्या और मेढापानी में श्री रणजीत सेन एवं श्री योगेश यादव की क्लीनिक को बी.एम.ओ. डॉ. शैलेन्द्र कटारिया और नायब तहसीलदार श्री विनोद यादव की टीम ने सील किया।
📞 7772828778 | 7723024600
हरसूद में पंजीकृत चिकित्सक को नोटिस जारी
विकासखंड हरसूद में डी.एच.एम.एस. पंजीकृत चिकित्सक श्री मनोज गुजराती को एलोपैथिक दवाइयों से उपचार करते पाए जाने पर बी.एम.ओ. डॉ. आशीषराज मिश्रा और तहसीलदार श्री सुरेश बामनिया द्वारा नोटिस जारी किया गया।
“नागरिक केवल पंजीकृत चिकित्सकों और सरकारी अस्पतालों में ही इलाज कराएं, फर्जी डॉक्टरों से इलाज से बचें।” — डॉ. ओ.पी. जुगतावत, सीएमएचओ खंडवा
सीएमएचओ ने बताया कि जिले में अपंजीकृत चिकित्सकों पर यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, ताकि लोगों की जान और स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।












