महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम और अधिकारों पर दिया गया विस्तृत प्रशिक्षण
खरगोन। The India Speaks Desk
महिला हिंसा उन्मूलन पखवाड़े के अंतर्गत महेश्वर में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, जिला प्रशासन और वसुधा विकास संस्थान द्वारा संचालित “महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना” के तहत यह कार्यक्रम महेश्वर स्थित पर्यटन सुविधा केंद्र में संपन्न हुआ, जिसमें पर्यटन सखियों, स्थानीय महिलाओं और हितग्राहियों ने सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पुलिस विभाग की सब इंस्पेक्टर सुश्री प्रियंका तोमर रहीं, जिन्होंने महिलाओं के प्रति होने वाली हिंसा, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीड़न, ऑनलाइन अपराधों और साइबर क्राइम के मामलों पर विस्तृत जानकारी दी।
“महिलाएँ स्वयं को कैसे सुरक्षित रख सकती हैं, शिकायत प्रक्रिया क्या है और पुलिस की सुविधाओं का उपयोग कैसे करना चाहिए—इन सभी विषयों पर जागरूक रहना आवश्यक है।”
— सब इंस्पेक्टर प्रियंका तोमर
उन्होंने साइबर सुरक्षा से जुड़ी सावधानियों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि डिजिटल अपराधों से बचाव के लिए महिलाओं का तकनीकी रूप से जागरूक होना आवश्यक है।
पर्यटन सखियों ने ई-रिक्शा से किया जनजागरूकता अभियान
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए तथा महिला सुरक्षा से जुड़ी उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
महिला हिंसा उन्मूलन पखवाड़े के तहत पर्यटन सखियों ने महेश्वर में ई-रिक्शा चलाकर बैनर के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।
इस अवसर पर आरक्षक सुश्री निकिता चौहान एवं अन्य महिला आरक्षकों ने भी महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित जानकारियाँ साझा कीं।
जिला पंचायत के तकनीकी सहायक नीरज अमझरे ने बताया कि 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक जिले में महिला हिंसा उन्मूलन पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है।












